बिलासपुरछत्तीसगढ़

उप संचालक ने किया विशेष शिविरों का निरीक्षण

25 हजार वंचित किसानों को जोड़ने अभियान तेज

बिलासपुर, 19 फरवरी 2026 । जिला में संचालित विशेष शिविरों का निरीक्षण करते हुए प्रभारी उप संचालक कृषि शशांक शिंदे ने विकासखंड तखतपुर के ग्राम बेलटुकरी, चनाडोंगरी एवं विचारपुर का दौरा किया। उन्होंने शिविर की व्यवस्थाओं का जायजा लिया और उपस्थित किसानों से संवाद कर लंबित प्रकरणों को शीघ्र पूर्ण कराने की अपील की।

उल्लेखनीय है कि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के अंतर्गत जिले में लगभग 25 हजार किसान अब तक लाभ से वंचित हैं। पात्र किसानों को योजना से जोड़ने के उद्देश्य से कलेक्टर संजय अग्रवाल की पहल पर 16 फरवरी से जिले के सभी ग्रामों में विशेष शिविरों का आयोजन किया जा रहा है। शिविरों में किसानों का एग्रीस्टेक पंजीयन तथा ई-केवाईसी निःशुल्क किया जा रहा है। जिन किसानों की किस्त किसी कारणवश अटकी हुई है या जिनके प्रकरण लंबित हैं, उनका मौके पर ही निराकरण करने की व्यवस्था की गई है, ताकि पात्र किसानों को समय पर योजना का लाभ मिल सके।

निरीक्षण के दौरान शिंदे ने ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे किसानों के लंबित कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण कराना सुनिश्चित करें। उन्होंने किसानों से अधिक से अधिक संख्या में शिविरों में पहुंचकर आवश्यक दस्तावेजों के साथ अपनी औपचारिकताएं पूरी कराने का आग्रह किया। कृषि विभाग द्वारा जिला प्रशासन के सहयोग से चलाए जा रहे इस विशेष अभियान के माध्यम से वंचित किसानों को योजना से जोड़ने और प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने पर विशेष बल दिया जा रहा है।

 

 

 

 

Shailendra Gupta

supersamarthankichitthi.in छत्तीसगढ़ आधारित न्यूज़ पोर्टल है, जो राजनीति, शिक्षा, खेल, मनोरंजन और स्थानीय खबरों की ताज़ा व विश्वसनीय जानकारी प्रदान करता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button