बेमेतरा, 15 मई 2025:- डेंगू जैसे जानलेवा रोग की रोकथाम और जनजागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से 16 मई को राष्ट्रीय डेंगू दिवस मनाया जाएगा। इस वर्ष राष्ट्रीय डेंगू दिवस की थीम है – “देखे, साफ करें, ढकें – डेंगू को हराने का उपाय करें (Check, Clean, Cover. Steps to Defeat Dengue)”। कलेक्टर श्री रणबीर शर्मा के मार्गदर्शन मे बेमेतरा जिले में इसका आयोजन मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी कार्यालय सहित समस्त शासकीय स्वास्थ्य संस्थाओं में किया जाएगा।

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. यशंवत कुमार ध्रुव ने जानकारी दी कि डेंगू एक वायरल संक्रमण है, जो संक्रमित एडिस एजिप्टी मच्छर के काटने से फैलता है। यह मच्छर साफ और स्थिर पानी में पनपता है। डेंगू के प्रमुख लक्षणों में अचानक तेज बुखार, सिर दर्द, मांसपेशियों व जोड़ों में दर्द, उल्टी, आँखों के पीछे दर्द, आंतरिक रक्तस्राव, नाक और मसूड़ों से खून आना आदि शामिल हैं। उन्होंने बताया कि इन लक्षणों के दिखने पर तत्काल जाँच कर उचित उपचार आवश्यक है, जो कि जिले के सभी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों एवं जिला चिकित्सालय में निःशुल्क उपलब्ध है। जिला नोडल अधिकारी (NVBDCP) एवं जिला स्वास्थ्य अधिकारी ने बताया कि डेंगू नियंत्रण हेतु मच्छर और लार्वा स्रोतों का नियंत्रण अत्यंत आवश्यक है। इसके लिए जमे हुए पानी में मिट्टी का तेल या जला हुआ मोबिल ऑयल डाला जाए, कूलर की नियमित सफाई, टायरों और पुराने बर्तनों में जमा पानी हटाना, और मच्छरदानी का उपयोग करना आवश्यक है। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि डेंगू का कोई विशेष इलाज या वैक्सीन नहीं है। मरीजों को बुखार के दौरान केवल पैरासीटामोल दी जा सकती है। एस्प्रिन या इबुप्रोफेन का सेवन बिना चिकित्सकीय परामर्श के न करें। साथ ही यह भी जानना जरूरी है कि हर डेंगू मरीज को प्लेटलेट्स की आवश्यकता नहीं होती।

डेंगू पर नियंत्रण के लिए जनभागीदारी अत्यंत आवश्यक है। जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग द्वारा जागरूकता रैली, नुक्कड़ नाटक, पोस्टर प्रदर्शन एवं स्वास्थ्य शिविरों के माध्यम से आमजन को इस विषय में जागरूक किया जाएगा। इस अवसर पर सभी नागरिकों से अपील की गई है कि वे डेंगू की रोकथाम के लिए दिए गए दिशा-निर्देशों का पालन करें और अपने घर व आस-पास सफाई रखें।

Avatar photo

By Shailendra Gupta

supersamarthankichitthi.in छत्तीसगढ़ आधारित न्यूज़ पोर्टल है, जो राजनीति, शिक्षा, खेल, मनोरंजन और स्थानीय खबरों की ताज़ा व विश्वसनीय जानकारी प्रदान करता है।

You missed