मुंगेलीछत्तीसगढ़

युवाओं को मिलेगा मुद्रा लोन, विद्युत व शिक्षा संबंधी समस्याओं का होगा समाधान

जनदर्शन: कलेक्टर ने सुनी आमजनों की समस्याएं, शीघ्र निराकरण के दिए निर्देश

मुंगेली, 24 जून 2025 । मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की जनकल्याणकारी मंशा के अनुरूप आमजनों की समस्याओं के समाधान हेतु आज जिला कलेक्टोरेट परिसर में जनदर्शन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में कलेक्टर कुन्दन कुमार एवं पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल ने आम जनता की शिकायतें और मांगें गंभीरतापूर्वक सुनीं तथा उपस्थित अधिकारियों को नियमानुसार त्वरित निराकरण के निर्देश दिए।

ग्राम चिरहुला में सुधरेगी बिजली आपूर्ति

ग्राम चिरहुला के ग्रामीणों ने बिजली आपूर्ति में बार-बार हो रही कटौती की शिकायत की। बताया गया कि पूर्व में गांव में टेमरी फीडर से विद्युत आपूर्ति होती थी, पर अब धपई फीडर से जोड़े जाने के कारण समस्या उत्पन्न हो रही है। कलेक्टर ने इस विषय को गंभीरता से लेते हुए विद्युत विभाग को समस्या के स्थायी समाधान हेतु आवश्यक निर्देश दिए। ग्राम बोधापारा निवासी सनत कुमार ने प्रधानमंत्री मुद्रा योजना के अंतर्गत व्यवसाय हेतु ऋण की मांग की। कलेक्टर ने लीड बैंक मैनेजर को पात्रता के अनुसार तत्काल ऋण स्वीकृत करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जिले के युवाओं को स्वरोजगार के अवसर सुलभ कराना प्रशासन की प्राथमिकता है, जिससे वे आत्मनिर्भर बन सकें।

शासकीय संपत्ति पर अतिक्रमण हटाने के दिए निर्देश

नवागांव मुसऊ के ग्रामीणों ने प्राथमिक शाला में अतिक्रमण की शिकायत की। कलेक्टर ने एसडीएम को अविलंब अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी शासकीय संपत्ति पर अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और सभी एसडीएम एवं तहसीलदार नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करें। ग्राम चकरभाठा की बुंदेलिया बाई ने अपने पति के निधन के बाद दीनदयाल उपाध्याय ग्रामीण भूमिहीन कृषि मजदूर कल्याण योजना की सहायता राशि उनके खाते में अंतरण की मांग की। कलेक्टर ने जनपद पंचायत सीईओ को शीघ्र कार्रवाई करने के निर्देश दिए। जनदर्शन में अन्य ग्रामीणों ने भी विभिन्न विषयों पर आवेदन प्रस्तुत किए, जिन पर कलेक्टर ने समुचित कार्यवाही हेतु संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शासन-प्रशासन आम जनता की सेवा के लिए प्रतिबद्ध है, और किसी भी स्तर पर लापरवाही को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

कलेक्टर ने नन्हे बालक को बुलाकर दिया दुलार

जनदर्शन के दौरान कलेक्टर ने जनसाधारण के बीच उपस्थित एक छः वर्षीय नन्हे बालक को देखकर अपने पास बुलाया और स्नेहपूर्वक दुलार किया। ग्राम अखरार निवासी यह बालक अपनी माता के साथ किसी समस्या को लेकर जनदर्शन में आया था। कलेक्टर ने बालक से उसका नाम और पढ़ाई के बारे में आत्मीयता से बातचीत की। तत्पश्चात उन्होंने उसे बिस्किट का पैकेट भेंट कर आशीर्वाद दिया। साथ ही उन्होंने बालक की माता से बातचीत करते हुए उसके बेहतर भविष्य के लिए गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने पर बल दिया। इस अवसर पर अतिरिक्त कलेक्टर निष्ठा पाण्डेय तिवारी, जिला पंचायत सीईओ प्रभाकर पाण्डेय, अपर कलेक्टर मेनका प्रधान, लोरमी एसडीएम अजीत पुजारी, मुंगेली एसडीएम पार्वती पटेल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

Shailendra Gupta

supersamarthankichitthi.in छत्तीसगढ़ आधारित न्यूज़ पोर्टल है, जो राजनीति, शिक्षा, खेल, मनोरंजन और स्थानीय खबरों की ताज़ा व विश्वसनीय जानकारी प्रदान करता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button