मुंगेली 24 जून 2025 । मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के निर्देशानुसार खरीफ सीजन में किसानों को समय पर खाद-बीज वितरण सुनिश्चित करने और समस्याओं के त्वरित निराकरण हेतु कलेक्टर कुन्दन कुमार ने आज जिले के ग्राम कंतेली और मनोहरपुर स्थित सहकारी समितियों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने खाद एवं बीज की उपलब्धता, भंडारण और वितरण की स्थिति की जानकारी ली।

कलेक्टर ने समिति प्रभारियों को निर्देशित किया कि खाद-बीज का वितरण पारदर्शी ढंग से समय पर किया जाए, ताकि किसानों को किसी प्रकार की परेशानी न हो। साथ ही उन्होंने निर्देश दिया कि समितियों में धान के साथ अन्य फसलों के बीज भी पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध कराए जाएं, ताकि किसान वैकल्पिक फसलों की ओर प्रेरित हो सकें। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने ग्राम कंतेली के किसान योगेश सहित अन्य कृषकों से संवाद किया। किसानों ने कंतेली सहकारी बैंक से समय पर भुगतान नहीं मिलने की समस्या से अवगत कराया, जिस पर कलेक्टर ने आवश्यक कार्यवाही का आश्वासन दिया।

बच्चों की शिक्षा पर दिया विशेष जोर

मनोहरपुर में निरीक्षण के दौरान कलेक्टर कुमार ने कृषकों से चर्चा करते हुए कहा कि आज के दौर में बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा देना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि कई बार पालकों के उचित ध्यान नहीं देने के कारण प्रतिभाशाली बच्चे बेहतर शिक्षा से वंचित रह जाते हैं। इसीलिए पालकों को सजग, सतर्क और जागरूक होकर बच्चों की पढ़ाई पर ध्यान देना चाहिए। उन्होंने मोबाइल फोन के सकारात्मक उपयोग की भी सलाह दी और ग्रामीणों से शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी हेतु समाचार पत्रों व रेडियो से जुड़े रहने का आग्रह किया। इस अवसर पर संबंधित विभाग के अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित थे।

 

 

 

 

 

 

 

 

Avatar photo

By Shailendra Gupta

supersamarthankichitthi.in छत्तीसगढ़ आधारित न्यूज़ पोर्टल है, जो राजनीति, शिक्षा, खेल, मनोरंजन और स्थानीय खबरों की ताज़ा व विश्वसनीय जानकारी प्रदान करता है।