मुंगेली, 14 जुलाई 2025 । शासन के निर्देशानुसार ‘डिजिटल फसल सर्वेक्षण’ कार्यक्रम अंतर्गत जिले के समस्त राजस्व ग्रामों में खरीफ फसल वर्ष 2025 हेतु सर्वेक्षण कार्य 15 अगस्त से 30 सितंबर तक किया जाएगा। सर्वेक्षण का उद्देश्य सटीक और पारदर्शी फसल आँकड़े एकत्रित कर कृषि नीतियों एवं योजनाओं को प्रभावी बनाना है। भू-अभिलेख शाखा प्राप्त जानकारी के अनुसार प्रत्येक ग्राम में 20 योग्य सर्वेक्षकों का चयन किया जाएगा। इसके लिए 18 वर्ष से अधिक आयु के इच्छुक युवक-युवतियाँ आवेदन कर सकते हैं। चयनित सर्वेक्षकों को तहसील स्तर पर प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा एवं उन्हें डिजिटल एप के माध्यम से कार्य करना होगा।

प्रत्येक सर्वेक्षक को प्रारंभिक रूप से 25 खसरों का सर्वेक्षण कार्य सौंपा जाएगा, जिसकी प्रगति एवं गुणवत्ता के आधार पर आगामी कार्य आबंटित किया जाएगा। एप में दर्ज सटीक जानकारी के आधार पर ही सर्वेक्षण स्वीकार किया जाएगा। सर्वेक्षण कार्य में पारदर्शिता बनाए रखने हेतु प्रत्येक प्रविष्टि की जांच तहसील स्तर के अधिकारियों द्वारा की जाएगी। फसल सर्वेक्षण हेतु न्यूनतम शैक्षणिक योग्यता कक्षा 12वीं निर्धारित की गई है। ग्राम के निवासी, कृषि विज्ञान केंद्र, कृषि महाविद्यालय या अन्य स्थानीय संस्था के विद्यार्थी 25 जुलाई तक तहसील कार्यालय मेंआवेदन कर सकते हैं।

Avatar photo

By Shailendra Gupta

supersamarthankichitthi.in छत्तीसगढ़ आधारित न्यूज़ पोर्टल है, जो राजनीति, शिक्षा, खेल, मनोरंजन और स्थानीय खबरों की ताज़ा व विश्वसनीय जानकारी प्रदान करता है।