कवर्धाकबीरधामछत्तीसगढ़

गांवों तक स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार में मितानिनों की अहम भूमिका-उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा

बोड़ला में स्वस्थ पंचायत जन संवाद सम्मेलन का हुआ आयोजन

कवर्धा, 30 जनवरी 2026 । कबीरधाम जिले के हिन्दू संगम बोड़ला परिसर में आयोजित स्वस्थ पंचायत जन संवाद सम्मेलन में उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि मितानिनें निस्वार्थ भाव से पूरे गांव को परिवार मानकर उनके स्वास्थ्य के प्रति सजग रहती हैं। उनके प्रयासों से हर पंचायतों में स्वास्थ्य सुविधाओं की व्यापक पहुंच सुनिश्चित होती है। महिलाओं और बच्चों की स्वास्थ्य सुरक्षा में उनका बड़ा योगदान होता है।

उपमुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में महिला सशक्तिकरण की दिशा में ऐतिहासिक निर्णय लिया है जिसके तहत विधानसभा और लोकसभा में महिलाओं के लिए 33 प्रतिशत आरक्षण का प्रावधान किया गया है। आने वाले वर्षों में विधानसभा में महिलाओं की भागीदारी और मजबूत होगी। उन्होंने बताया कि प्रदेश में लगभग डेढ़ लाख पंच और 11 हजार से अधिक सरपंच चुने गए हैं। जनपद पंचायत सदस्यों सहित इन सभी निर्वाचित प्रतिनिधियों में लगभग 55 प्रतिशत महिलाएं हैं, जो महिलाओं की बढ़ती भागीदारी को दर्शाता है।

उप मुख्यमंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में महतारी वंदन योजना के अंतर्गत महिलाओं के खातों में प्रतिमाह 1 हजार रुपये की राशि सीधे जमा की जा रही है। यह राशि न केवल महिलाओं को छोटी मोटी जरूरतों को पूर्ति का आधार बन रही है बल्कि उन्हें आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर होने का भाव भी प्रदान कर रही है। उन्होंने आगे कहा कि महिला समूह क्लस्टर के सीएफएल मुख्यालय में महतारी सदन का निर्माण किया जा रहा है। जिले में कुल 19 महतारी सदन बनाए जाएंगे, यह महिलाओं और महिला समूहों के लिए रोजगार और आय संवर्धन केंद्र के रूप में स्थापित होंगे। जिसके संचालन की कमान भी महिलाओं के हाथों में होगी। उन्होंने कहा कि प्रत्येक पंचायत में अटल डिजिटल सुविधा केंद्र प्रारंभ किया गया है, ताकि महतारी वंदन योजना की राशि ग्राम पंचायत स्तर पर ही प्राप्त हो सके। इसके साथ ही वृद्धावस्था पेंशन, विधवा पेंशन और छात्रवृत्ति जैसी योजनाओं की राशि भी गांव में ही मिलेगी। इससे ग्रामीणों को अपने कार्यों के लिए गांव के बाहर जाने की आवश्यकता नहीं पड़ेगी। इस अवसर पर जनपद अध्यक्ष बालका रामकिंकर वर्मा, जनपद उपाध्यक्ष नन्द श्रीवास, जिला पंचायत सभापति डॉ वीरेंद्र साहू, जिला पंचायत सदस्य रूपसिंह धुर्वे, नगर पंचायत अध्यक्ष विजय पाटिल, सभापति मनीराम साहू, नितेश अग्रवाल, मोहन धुर्वे, बरसाती राम, कांशीराम उइके, कार्यक्रम प्रबंधक सत्यप्रकाश साहू उपस्थित रहे।

 

 

 

 

Shailendra Gupta

supersamarthankichitthi.in छत्तीसगढ़ आधारित न्यूज़ पोर्टल है, जो राजनीति, शिक्षा, खेल, मनोरंजन और स्थानीय खबरों की ताज़ा व विश्वसनीय जानकारी प्रदान करता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button