कवर्धाकबीरधामछत्तीसगढ़

राज्यपाल रामेन डेका की अनुशंसा पर दो मेधावी बच्चों को आर्थिक सहायता

संयुक्त कलेक्टर आरबी देवांगन ने राजभवन की ओर से विद्यार्थी एवं राष्ट्रीय खिलाड़ी को चेक प्रदान किया

कवर्धा, 26 नवंबर 2025। राज्यपाल रामेन डेका की अनुशंसा पर छत्तीसगढ़ के कबीरधाम जिले के बोड़ला विकासखंड के दो मेधावी विद्यार्थियों एवं खिलाड़ियों को प्रोत्साहन स्वरूप आर्थिक सहायता राशि प्रदान की गई। इस अंतर्गत कुल 10 हजार रुपये की सहायता राशि स्वीकृत की गई, जिसका वितरण आज कलेक्टर गोपाल वर्मा के निर्देशानुसार संयुक्त कलेक्टर आर.बी. देवांगन द्वारा किया गया। इस अवसर पर डिप्टी कलेक्टर सुश्री रूचि शार्दुल सहित अधिकारी उपस्थित थे।

संयुक्त कलेक्टर आर.बी. देवांगन ने राजभवन की ओर से दो प्रतिभाशाली युवा प्रतिभागियों को 5-5 हजार रुपये की सहायता राशि का चेक प्रदान किया। इनमें बैगा जनजाति के होनहार विद्यार्थी पतिराम मेरावी, जिन्होंने कक्षा दसवीं की बोर्ड परीक्षा में जिले में प्रथम स्थान प्राप्त किया तथा सुश्री अनुराधा, जो खो-खो की राष्ट्रीय स्तर की खिलाड़ी हैं शामिल हैं। संयुक्त कलेक्टर देवांगन ने दोनों प्रतिभाओं को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि वे निरंतर परिश्रम, अनुशासन और समर्पण के साथ आगे भी सफलता के नए आयाम स्थापित करें।

चेक वितरण के दौरान संयुक्त कलेक्टर आर.बी. देवांगन ने कहा कि राज्यपाल महोदय की यह संवेदनशील एवं प्रेरणादायी पहल निश्चय ही ग्रामीण एवं अनुसूचित जनजाति क्षेत्रों के प्रतिभाशाली बच्चों के मनोबल को बढ़ाएगी। शिक्षा एवं खेल के क्षेत्र में श्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले बच्चों को इस प्रकार का सम्मान मिलना आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा का कार्य करता है। उन्होंने कहा कि शासन द्वारा प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं, ताकि ग्रामीण क्षेत्रों से निकलकर बच्चे राष्ट्रीय स्तर पर जिले और प्रदेश का नाम रोशन कर सकें।

बैगा जनजाति से आने वाले पतिराम मेरावी द्वारा जिले में प्रथम स्थान प्राप्त करना पूरे समुदाय के लिए गौरव की बात है। उनकी इस उपलब्धि से क्षेत्र के अन्य विद्यार्थियों को भी शिक्षित होकर आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलेगी। वहीं खो-खो की राष्ट्रीय खिलाड़ी सुश्री अनुराधा की उपलब्धि ने यह सिद्ध कर दिया है कि ग्रामीण क्षेत्र की बेटियां भी आज खेल के क्षेत्र में देश स्तर पर अपनी पहचान बना रही हैं।

 

 

 

 

Shailendra Gupta

supersamarthankichitthi.in छत्तीसगढ़ आधारित न्यूज़ पोर्टल है, जो राजनीति, शिक्षा, खेल, मनोरंजन और स्थानीय खबरों की ताज़ा व विश्वसनीय जानकारी प्रदान करता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button