कबीरधामकवर्धाछत्तीसगढ़

कवर्धा जिले में 14 से 17 मई तक एचएसआरपी शिविर, पुराने वाहनों के लिए नंबर प्लेट लगवाना अनिवार्य

कवर्धा, 13 मई 2025। कलेक्टर गोपाल वर्मा के मार्गदर्शन में परिवहन विभाग कबीरधाम द्वारा जिले के विभिन्न ब्लॉकों में 14 से 17 मई तक हाई सिक्योरिटी रजिस्ट्रेशन प्लेट (एचएसआरपी) के लिए विशेष शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। यह शिविर उन सभी वाहनों के लिए अनिवार्य हैं, जिनका पंजीयन 1 अप्रैल 2019 से पहले हुआ है। शिविरों का आयोजन चार चरणों में किया गया है। 14 मई को लोहारा और पिपरिया, 15 मई को लोहारा, पांडातराई, दशरंगपुर और चिल्फी, 16 मई को बोडला, पोड़ी और कूकदूर, 17 मई को बोडला, कुंडा और रणवीरपुर में शिविर आयोजित किया जाएगा। शिविर में आवेदन प्राप्त करने के बाद नंबर प्लेट लगाने की प्रक्रिया चार दिन बाद शुरू की जाएगी।

जिला परिवहन अधिकारी एमएल साहू ने बताया कि इसके लिए अलग-अलग ब्लॉकों में फिटमेंट सेंटर बनाए गए हैं। पंडरिया ब्लॉक के वाहन मालिकों के लिए ललित मोटर्स शोरूम पंडरिया, बोडला ब्लॉक के लिए विक्की मोटर्स शोरूम बोडला, और कवर्धा व लोहारा ब्लॉक के लिए फिटमेंट सेंटर खुटू कवर्धा में प्लेट लगाई जाएगी। उन्होंने बताया कि अब तक कवर्धा से 814, पंडरिया से 370 और रेंगाखार से 85 आवेदन प्राप्त हो चुके हैं। कवर्धा आरटीओ कार्यालय में नंबर प्लेट लगाने की प्रक्रिया जारी है, वहीं पंडरिया में यह कार्य 14 मई से शुरू होगा। ऑनलाइन आवेदन के लिए वाहन का रजिस्ट्रेशन सर्टिफिकेट (आरसी), आधार कार्ड की प्रति और मोबाइल नंबर अनिवार्य रूप से लाना होगा।

जिला परिवहन अधिकारी साहू ने बताया कि आवेदन के समय निर्धारित शुल्क का भुगतान करना होगा। दो पहिया वाहनों के लिए 366 रुपये, तीन पहिया वाहनों के लिए 427 रुपये, चार पहिया वाहनों के लिए 656 रुपये, और भारी वाहनों के लिए 706 रुपये शुल्क निर्धारित किया गया है। इसके अलावा, बेब/चे फॉर्म भरने के लिए 50 रुपये अलग से देना होगा। परिवहन विभाग ने वाहन मालिकों से अपील की है कि वे निर्धारित तिथि व स्थान पर पहुंचकर समय रहते एचएसआरपी प्लेट लगवाकर नियमों का पालन सुनिश्चित करें।

 

 

Shailendra Gupta

supersamarthankichitthi.in छत्तीसगढ़ आधारित न्यूज़ पोर्टल है, जो राजनीति, शिक्षा, खेल, मनोरंजन और स्थानीय खबरों की ताज़ा व विश्वसनीय जानकारी प्रदान करता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button