मुंगेलीछत्तीसगढ़

पहचान पत्र सत्यापन हेतु 2 घंटे पूर्व पहुंचना अनिवार्य

अमीन भर्ती परीक्षा 7 दिसंबर को

मुंगेली, 20 /11/25 । जल संसाधन विभाग की अमीन भर्ती परीक्षा 7 दिसंबर 2025 को प्रदेशभर के निर्धारित परीक्षा केंद्रों में आयोजित की जाएगी। इस परीक्षा में राज्य के विभिन्न जिलों से 2 लाख से अधिक अभ्यर्थी शामिल होंगे। व्यावसायिक परीक्षा मंडल ने परीक्षा के सुचारू एवं व्यवस्थित संचालन के लिए विस्तृत दिशा-निर्देश जारी किए हैं।

जारी निर्देशों के अनुसार अभ्यर्थियों को परीक्षा के एक दिन पूर्व अपने परीक्षा केंद्र का अवलोकन कर लेना आवश्यक है, ताकि परीक्षा दिवस पर किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। परीक्षा शुरू होने से 2 घंटे पहले परीक्षा केंद्र पहुंचना अनिवार्य है, जिससे फ्रिस्किंग एवं फोटोयुक्त मूल पहचान पत्र का सत्यापन समय पर किया जा सके।

परीक्षा प्रारंभ होने के 30 मिनट पूर्व मुख्य द्वार बंद कर दिया जाएगा। ऐसे में 11:30 बजे के बाद किसी भी परीक्षार्थी को प्रवेश नहीं दिया जाएगा।

ड्रेस कोड का कड़ाई से पालन अनिवार्य

अभ्यर्थियों को हल्के रंग की आधी बाँह की शर्ट/कपड़े पहनने होंगे। काला, गहरा नीला, गहरा हरा, मैरून, बैंगनी एवं गहरा चॉकलेटी रंग पूरी तरह वर्जित रहेगा। केवल बिना पॉकेट वाला साधारण स्वेटर पहनने की अनुमति होगी, जिसे सुरक्षा जांच के दौरान उतारकर दिखाना होगा। धार्मिक/सांस्कृतिक वेशभूषा वाले अभ्यर्थियों को सामान्य समय से पहले पहुंचकर अतिरिक्त सुरक्षा जांच में शामिल होना होगा।

परीक्षा केंद्र में प्रतिबंधित सामग्री

मोबाइल, स्मार्ट वॉच, इलेक्ट्रॉनिक गैजेट, पर्स, बेल्ट, टोपी, स्कार्फ, पाउच आदि केंद्र में ले जाना पूर्णत: प्रतिबंधित रहेगा। कान में किसी भी प्रकार का आभूषण पहनना वर्जित है।

अभ्यर्थी केवल चप्पल पहनकर प्रवेश कर सकेंगे। परीक्षा में केवल काला या नीला बॉल प्वाइंट पेन ही उपयोग किया जा सकेगा।

यदि किसी परीक्षार्थी को अनुचित साधनों का प्रयोग करते पाया गया, तो उसके विरुद्ध कठोर कार्रवाई करते हुए अभ्यर्थिता समाप्त कर दी जाएगी। कलेक्टर कुन्दन कुमार ने जिले के सभी परीक्षार्थियों से अपील की है कि वे सभी दिशा-निर्देशों का पूर्ण पालन करते हुए समय पर पहुंचें और परीक्षा में नियमानुसार सम्मिलित हों।

 

 

 

 

 

 

 

 

Shailendra Gupta

supersamarthankichitthi.in छत्तीसगढ़ आधारित न्यूज़ पोर्टल है, जो राजनीति, शिक्षा, खेल, मनोरंजन और स्थानीय खबरों की ताज़ा व विश्वसनीय जानकारी प्रदान करता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button