
साजा: राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (NHM) अंतर्गत, कलेक्टर प्रतिष्ठा ममगाईं (IAS) के आदेशानुसार एवं मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी अमृत लाल रोहडेकर, जिला क्षय नियंत्रण अधिकारी बी.एल. राज तथा खंड चिकित्सा अधिकारी डॉ. ए.के. वर्मा के मार्गदर्शन में टीबी मुक्त पंचायत अभियान के तहत साजा विकासखंड की मितानिनों को सेक्टरवार प्रशिक्षण प्रदान किया जा रहा है।
इस प्रशिक्षण में मितानिनों को टीबी के संभावित मरीजों की पहचान हेतु सर्वेक्षण करने, जांच के लिए प्रेरित करने तथा टीबी पॉजिटिव मरीजों को डॉट्स (DOTS) के माध्यम से नियमित दवा उपलब्ध कराने के संबंध में जानकारी दी जा रही है। साथ ही निक्षय मित्र बनकर टीबी मरीजों को पोषण एवं सामाजिक सहयोग प्रदान करने के लिए भी प्रोत्साहित किया जा रहा है।
प्रशिक्षण उपरांत मितानिनों द्वारा अपने-अपने गांवों में सर्वे एवं जनजागरूकता गतिविधियां संचालित की जाएंगी, जिससे अधिक से अधिक संभावित मरीजों की जांच सुनिश्चित कर टीबी मुक्त पंचायत के लक्ष्य को प्राप्त किया जा सके।
प्रशिक्षण कार्यक्रम में डॉ स्वदेश जायसवाल, आरएमए मनीष ठाकुर,सीनियर ट्रीटमेंट सुपरवाइजर पुरन दास, आशीष दुबे सहित मितानिन प्रशिक्षक एवं मितानिनें उपस्थित रहीं।





