बेमेतरा, 15 जुलाई 2025 । नशीली दवाओं की तस्करी और इसके बढ़ते दुष्प्रभावों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए आज कलेक्टोरेट स्थित दिशा सभागार में कलेक्टर रणबीर शर्मा की अध्यक्षता में जिला स्तरीय एनकॉर्ड समिति की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। इस अवसर पर एसएसपी रामकृष्ण साहू भी बैठक मे उपस्थित थे | बैठक का उद्देश्य जिले में ड्रग्स तस्करी की रोकथाम, इससे जुड़े अपराधों पर कठोर कार्रवाई और विभिन्न विभागों के बीच ठोस समन्वय स्थापित करना रहा।

कलेक्टर शर्मा ने कहा कि नशीली दवाओं की अवैध गतिविधियां सिर्फ कानून व्यवस्था के लिए नहीं, बल्कि समाज के ताने-बाने और विशेषकर युवाओं के उज्ज्वल भविष्य के लिए एक गंभीर खतरा हैं। उन्होंने सभी विभागीय अधिकारियों को सतर्क रहते हुए आपसी समन्वय के साथ ठोस कदम उठाने के निर्देश दिए। विशेष रूप से पुलिस, खुफिया इकाइयों एवं प्रशासन को निर्देशित किया गया कि वे संदिग्ध गतिविधियों पर कड़ी नजर रखें, नियमित तलाशी अभियान चलाएं और जरूरत पड़ने पर त्वरित कार्रवाई करें।

बैठक में पुलिस अधीक्षक रामकृष्ण साहू ने स्पष्ट किया कि जिले के चिन्हित संवेदनशील क्षेत्रों में गश्त बढ़ाई जाएगी तथा तस्करों के विरुद्ध समय रहते कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने यह भी कहा कि गुप्त सूचना तंत्र को सक्रिय कर ड्रग्स की आपूर्ति श्रृंखला को तोड़ने के प्रयास किए जाएं।बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि आमजन की भागीदारी से नशा विरोधी अभियान को व्यापक रूप दिया जाएगा। खासकर स्कूल, कॉलेज और ग्राम स्तर पर जनजागरूकता कार्यक्रम चलाकर युवाओं को नशे से दूर रहने हेतु प्रेरित किया जाएगा। इस मौके पर एडीएम डॉ. अनिल वाजपेयी, डीएसपी राजेश झा, एनकॉर्ड समिति के सदस्यगण एवं विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। बैठक में जन-जागरूकता अभियानों के साथ-साथ पुनर्वास और परामर्श सेवाओं को मजबूत करने की दिशा में भी विचार-विमर्श किया गया।

 

 

 

Avatar photo

By Shailendra Gupta

supersamarthankichitthi.in छत्तीसगढ़ आधारित न्यूज़ पोर्टल है, जो राजनीति, शिक्षा, खेल, मनोरंजन और स्थानीय खबरों की ताज़ा व विश्वसनीय जानकारी प्रदान करता है।