बेमेतराछत्तीसगढ़

जिले में गुणवत्ता प्रमाणन की ओर सशक्त कदम, यूनिसेफ छत्तीसगढ़ की सराहनीय भूमिका

बेमेतरा, 11 जुलाई 2025 । जिले में स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य विषय पर एक जिला स्तरीय कार्यशाला का आयोजन 7 से 11 जुलाई 2025 तक सीएमएचओ कार्यालय के प्रशिक्षण हॉल में किया गया। कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य नेशनल क्वालिटी एश्योरेंस स्टैंडर्ड्स प्रमाणन की तैयारी और स्वास्थ्यकर्मियों की दक्षता में वृद्धि करना रहा। कार्यक्रम में जिले के सभी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र और उप स्वास्थ्य केंद्रों से चिकित्सा अधिकारी, आरएमए, स्टाफ नर्स, एएनएम, सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी सहित कुल 194 स्वास्थ्य कर्मियों ने सक्रिय भागीदारी की। प्रशिक्षण में सभी कर्मचारियों को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवा, कार्यप्रवाह, दस्तावेजीकरण और मातृ-शिशु केंद्रित सेवा प्रावधानों के बारे में विस्तार से मार्गदर्शन प्रदान किया गया।

कार्यशाला के संचालन में यूनिसेफ छत्तीसगढ़ की भूमिका अत्यंत सराहनीय रही। स्वास्थ्य विशेषज्ञ डॉ. गजेंद्र सिंह, डॉ. अक्षय तिवारी एवं तकनीकी टीम ने प्रशिक्षण के विभिन्न सत्रों का सफल संचालन किया। यूनिसेफ की तकनीकी मार्गदर्शन एवं फीडबैक प्रणाली से स्वास्थ्य कर्मियों में आत्मविश्वास का संचार हुआ और सेवा गुणवत्ता के प्रति नई जागरूकता विकसित हुई। कार्यक्रम का सफल नेतृत्व मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अमृत लाल रोहडेलकर, जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अशोक बंसोड़, टीकाकरण अधिकारी डॉ. शरद, डॉ. बी.एल. राज, पीडियाट्रिशियन डॉ. दीपक कुमार निराला, जिला कार्यक्रम प्रबंधक सुश्री लता बंजारे, हिना सिन्हा एवं जिला प्रशिक्षण समन्वयक अमित के मार्गदर्शन में किया गया। सभी अधिकारियों ने टीम भावना को बढ़ावा देते हुए प्रतिभागियों को निरंतर सीखते रहने और आगामी राष्ट्रीय मूल्यांकन की तैयारी में जुटने के लिए प्रेरित किया। प्रतिभागियों ने भी इस प्रकार के प्रशिक्षण कार्यक्रम को नियमित अंतराल पर आयोजित किए जाने की आवश्यकता जताई।

 

 

 

Shailendra Gupta

supersamarthankichitthi.in छत्तीसगढ़ आधारित न्यूज़ पोर्टल है, जो राजनीति, शिक्षा, खेल, मनोरंजन और स्थानीय खबरों की ताज़ा व विश्वसनीय जानकारी प्रदान करता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button