कबीरधामकवर्धाछत्तीसगढ़

हमर अस्पताल आयुष्मान आरोग्य मंदिर में ‘‘सियान जतन’’ कार्यक्रम का सफल आयोजन

कवर्धा, 22 मई 2025। कलेक्टर गोपाल वर्मा के मार्गदर्शन एवं मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. बी. एल. राज के नेतृत्व में राष्ट्रीय शहरी स्वास्थ्य मिशन अंतर्गत संचालित हमर अस्पताल, आयुष्मान आरोग्य मंदिर में प्रत्येक माह के प्रथम बुधवार को ‘‘सियान जतन’’ कार्यक्रम का आयोजन किया जाता है। इसी क्रम में 21 मई 2025 को आयोजित कार्यक्रम में वरिष्ठ नागरिकों के स्वास्थ्य की जांच एवं निःशुल्क उपचार की सुविधा प्रदान की गई। कार्यक्रम के दौरान पेंशनर क्लब एसोसिएशन एवं सीनियर सिटीजन क्लब के सदस्यों की व्यापक स्वास्थ्य जांच की गई। इस विशेष शिविर में 21 बुजुर्गों के आयुष्मान कार्ड एवं आभा आईडी बनाए गए, वहीं 97 वरिष्ठ नागरिकों का बीपी, 49 का शुगर, 33 का हीमोग्लोबिन, 4 का मोतियाबिंद, 17 का ईएनटी (नाक, कान, गला), तथा 6 व्यक्तियों का गठिया एवं जोड़ संबंधी जांच किया गया। साथ ही विभिन्न बीमारियों से ग्रसित मरीजों को निःशुल्क उपचार एवं दवाइयों का वितरण किया गया।

हमर अस्पताल, आयुष्मान आरोग्य मंदिर में सभी सेवाएं पूर्णतः निःशुल्क प्रदान की जाती हैं। यहां किसी भी जांच अथवा पर्ची हेतु कोई शुल्क नहीं लिया जाता। अस्पताल में सामान्य रोगों का उपचार प्रथम पाली में सुबह 10ः00 बजे से दोपहर 2ः00 बजे तक एवं द्वितीय पाली में शाम 5ः00 बजे से रात 7ः00 बजे तक किया जाता है। दोनों पालियों में प्रतिदिन औसतन 120 से अधिक मरीजों को निःशुल्क उपचार उपलब्ध कराया जा रहा है। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. बी. एल. राज ने बताया कि ‘‘सियान जतन’’ जैसे कार्यक्रमों से हितग्राहियों में विश्वास एवं उत्साह बढ़ता है, जिससे वे शासकीय स्वास्थ्य सेवाओं का अधिक से अधिक लाभ उठा पाते हैं। इस पहल से बुजुर्गों को सम्मानपूर्वक एवं गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवा प्रदान की जा रही है।

सियान जतन कार्यक्रम के दौरान अस्पताल के समर्पित अधिकारी एवं कर्मचारियों ने निःस्वार्थ सेवा का परिचय देते हुए सभी हितग्राहियों को बेहतर सुविधाएं प्रदान कीं। 60 वर्ष से अधिक उम्र के वरिष्ठ नागरिकों ने जिला अस्पताल के मेडिसिन विशेषज्ञ डॉ. कुनाल झा, ईएनटी विशेषज्ञ डॉ. एन. के. यदू (सेवानिवृत्त मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी, बेमेतरा) एवं अन्य चिकित्सा अधिकारियों से परामर्श लेकर लाभ प्राप्त किया। इसके अतिरिक्त कार्यक्रम में उपस्थित वरिष्ठ नागरिकों एवं हितग्राहियों के लिए वेलनेस गतिविधियों का भी आयोजन किया गया, जिसमें सभी ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। पेंशनर क्लब एसोसिएशन के अध्यक्ष विजय कुमार सिंह ने अस्पताल की सेवाओं की सराहना करते हुए इसे निजी अस्पतालों के समकक्ष बताया और कहा कि क्लब के सदस्य हर माह के प्रथम बुधवार को यहां उपस्थित रहकर उपलब्ध सेवाओं का लाभ उठाएंगे। कार्यक्रम में डॉ. वर्षा (मेडिकल ऑफिसर), डॉ. राजीव ठाकुर (मेडिकल ऑफिसर), अंशुल थुद्गर (शहरी कार्यक्रम प्रबंधक), दुर्गेश गुप्ता (लेखापाल) तथा शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

 

 

Shailendra Gupta

supersamarthankichitthi.in छत्तीसगढ़ आधारित न्यूज़ पोर्टल है, जो राजनीति, शिक्षा, खेल, मनोरंजन और स्थानीय खबरों की ताज़ा व विश्वसनीय जानकारी प्रदान करता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button