Uncategorizedछत्तीसगढ़बेमेतरा

बेमेतरा में दो दिवसीय आम महोत्सव का हुआ शुभारंभ

बेमेतरा, 3 जून 2025/ जिला प्रशासन एवं उद्यानिकी विभाग बेमेतरा के तत्वावधान में आयोजित दो दिवसीय आम महोत्सव का आज शुभारंभ हुआ। कार्यक्रम का उद्घाटन क्षेत्रीय विधायक श्री दीपेश साहू ने फीता काटकर किया। इस अवसर पर कलेक्टर श्री रणबीर शर्मा, सहायक संचालक उद्यानिकी श्री हितेन्द्र मेश्राम, अन्य विभागीय अधिकारी-कर्मचारी, गणमान्य नागरिक एवं पत्रकारगण उपस्थित रहे।

कृषि उपज मंडी प्रांगण में 3 से 4 जून तक चलने वाले इस महोत्सव में आम की 27 प्रजातियों के साथ ही आम से बने विभिन्न व्यंजन एवं पेय पदार्थों का प्रदर्शन आकर्षण का केंद्र है। विधायक श्री साहू ने महोत्सव का भ्रमण कर सभी प्रजातियों और व्यंजनों का अवलोकन किया। इस दौरान उन्होंने सेल्फी पॉइंट पर तस्वीरें खिंचवाईं और फलों के राजा आम का स्वाद चखते हुए आम की खरीदारी भी की।

विधायक श्री साहू ने इस अवसर पर कहा कि आम बच्चों, युवाओं और बुजुर्गों सभी को प्रिय है। बेमेतरा में इस तरह का आयोजन हमारे किसानों की जागरूकता और मेहनत को दर्शाता है। आम महोत्सव से युवाओं को विभिन्न प्रजातियों के बारे में जानने और समझने का अवसर मिलेगा। यहाँ अच्छी किस्म के आम पौधे उपलब्ध हैं, जिनकी बिक्री भी की जा रही है।उन्होंने इसके लिए जिला प्रशासन को धन्यवाद दिया ।

सहायक संचालक उद्यानिकी श्री हितेन्द्र मेश्राम ने बताया कि आम महोत्सव में जिले के कृषक निःशुल्क रूप से अपनी उपज और व्यंजनों का प्रदर्शन कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि स्कूल-कॉलेज के विद्यार्थी, स्वसहायता समूह की महिलाएं और जिलेवासी इस महोत्सव में आकर सामग्री का अवलोकन कर सकते हैं।

आम महोत्सव प्रतिदिन प्रातः 11 बजे से शाम 5 बजे तक चलेगा। जिला प्रशासन ने जिलेवासियों से इस आयोजन में अधिक से अधिक संख्या में पहुँचने और महोत्सव का लाभ उठाने की अपील की है।

 

 

 

Shailendra Gupta

supersamarthankichitthi.in छत्तीसगढ़ आधारित न्यूज़ पोर्टल है, जो राजनीति, शिक्षा, खेल, मनोरंजन और स्थानीय खबरों की ताज़ा व विश्वसनीय जानकारी प्रदान करता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button