बेमेतराछत्तीसगढ़

राज्यपाल द्वारा गोद लिया गया ग्राम टेमरी बना आदर्श विकास का मॉडल, जल जीवन मिशन से हर घर तक पहुँचा शुद्ध पेयजल

बेमेतरा, 12 मार्च 2026 । छत्तीसगढ़ के राज्यपाल रमेन डेका द्वारा गोद लिए गए विकासखण्ड नवागढ़ के ग्राम टेमरी में शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन से ग्रामीण विकास की नई तस्वीर उभरकर सामने आ रही है। लगभग 3794 की आबादी वाले इस ग्राम में आधारभूत सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण, स्वच्छ पेयजल की उपलब्धता, स्वच्छता, स्वास्थ्य एवं ग्रामीण अधोसंरचना के विकास के लिए जिला प्रशासन एवं संबंधित विभागों द्वारा सतत प्रयास किए जा रहे हैं। इन प्रयासों के परिणामस्वरूप ग्राम टेमरी आज समन्वित एवं सतत ग्रामीण विकास का एक प्रेरणादायक मॉडल बनकर उभर रहा है।

ग्राम में पूर्व से लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग द्वारा ग्रामीणों को पेयजल उपलब्ध कराने के लिए हैंडपम्प एवं पावर पम्प के माध्यम से जलापूर्ति की व्यवस्था संचालित की जाती रही है। ग्रामीणों को नियमित, सुरक्षित एवं सुगम जलापूर्ति सुनिश्चित करने के उद्देश्य से केंद्र एवं राज्य शासन की महत्वाकांक्षी योजना जल जीवन मिशन (हर घर जल) के अंतर्गत व्यापक स्तर पर अधोसंरचना विकास कार्य पूर्ण किए गए हैं। इस योजना के अंतर्गत ग्राम में सुदृढ़ एवं सुव्यवस्थित पाइपलाइन नेटवर्क का विस्तार, उच्च क्षमता की ओवरहेड टंकी का निर्माण, जल वितरण प्रणाली का आधुनिकीकरण तथा प्रत्येक घर तक फंक्शनल हाउसहोल्ड टैप कनेक्शन (FHTC) प्रदान किए गए हैं। वर्तमान में ग्राम के कुल 382 घरों में नल कनेक्शन के माध्यम से नियमित एवं सुरक्षित पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित की जा रही है।

जल जीवन मिशन के तहत जल स्रोतों के संरक्षण, जल गुणवत्ता परीक्षण, पाइपलाइन के नियमित रख-रखाव, जलापूर्ति प्रणाली की निगरानी तथा ग्राम स्तर पर जनभागीदारी सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं विकसित की गई हैं। निर्धारित मानकों के अनुरूप स्वच्छ एवं गुणवत्तायुक्त पेयजल की उपलब्धता से ग्रामीणों के स्वास्थ्य स्तर में सुधार हुआ है तथा जलजनित बीमारियों की रोकथाम में भी सकारात्मक प्रभाव देखने को मिल रहा है। स्वच्छ पेयजल की घर-घर उपलब्धता से विशेष रूप से महिलाओं और बालिकाओं को बड़ी राहत मिली है। पूर्व में दूरस्थ जल स्रोतों से पानी लाने में लगने वाले समय और श्रम की अब बचत हो रही है, जिससे वे अपने दैनिक कार्यों, शिक्षा, स्वास्थ्य और आजीविका गतिविधियों पर अधिक ध्यान दे पा रही हैं। इससे ग्राम में सामाजिक एवं आर्थिक गतिविधियों को भी नई गति मिली है।

राज्यपाल द्वारा ग्राम टेमरी को गोद लिए जाने के पश्चात यहाँ विकास कार्यों में और अधिक तेजी आई है। जिला प्रशासन द्वारा विभिन्न विभागों के समन्वय से ग्राम में जल जीवन मिशन, स्वच्छ भारत मिशन, प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण), राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन, पोषण अभियान, ग्रामीण अधोसंरचना विकास एवं अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जा रहा है।

ग्राम में आधारभूत सुविधाओं के विस्तार, स्वच्छता, स्वास्थ्य, पेयजल व्यवस्था, आजीविका संवर्धन तथा सामुदायिक सहभागिता को बढ़ावा देने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। प्रशासनिक सतर्कता, जनप्रतिनिधियों के सहयोग एवं ग्रामवासियों की सक्रिय भागीदारी से ग्राम टेमरी में समावेशी एवं सतत विकास की दिशा में उल्लेखनीय उपलब्धियाँ हासिल की जा रही हैं। ग्राम टेमरी आज सुदृढ़ अधोसंरचना, स्वच्छ पेयजल उपलब्धता, प्रभावी प्रशासनिक पहल एवं जनभागीदारी के माध्यम से ग्रामीण विकास की एक प्रेरणादायक मिसाल बनकर उभर रहा है। आने वाले समय में भी जिला प्रशासन द्वारा ग्राम के सर्वांगीण विकास के लिए निरंतर प्रयास जारी रहेंगे, ताकि ग्राम टेमरी को पूर्ण रूप से आदर्श ग्राम के रूप में विकसित किया जा सके।

 

 

 

 

 

Shailendra Gupta

supersamarthankichitthi.in छत्तीसगढ़ आधारित न्यूज़ पोर्टल है, जो राजनीति, शिक्षा, खेल, मनोरंजन और स्थानीय खबरों की ताज़ा व विश्वसनीय जानकारी प्रदान करता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button