कवर्धाकबीरधामछत्तीसगढ़

ग्राम तितरी में जल अर्पण दिवस का हुआ आयोजन

जल संरक्षण संदेश के साथ निकली जागरूकता रैली

कवर्धा 9 फरवरी 2026। कबीरधाम जिले के विकासखंड बोड़ला अंतर्गत ग्राम तितरी में लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग द्वारा जल जीवन मिशन के तहत जल अर्पण दिवस का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य पूर्ण एवं हस्तांतरित जल आपूर्ति प्रणाली को ग्राम पंचायत को औपचारिक रूप से सौंपना, नल जल योजना के संचालन और संधारण में ग्राम पंचायत तथा ग्रामीणों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करना और हर घर जल योजना की उपलब्धि का उत्सव मनाना रहा।

कार्यक्रम में स्थानीय जनप्रतिनिधि, सरपंच, ग्रामवासी, स्कूली बच्चे तथा पीएचई विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे। जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने जल जीवन मिशन अंतर्गत निर्मित परिसंपत्तियों जैसे पानी टंकी, बोर पंप और स्विच रूम की विधिवत पूजा अर्चना कर जलबंधन किया। इसके बाद पारंपरिक वाद्ययंत्रों के साथ जल संरक्षण के संदेशों को लेकर जागरूकता रैली निकाली गई। रैली के दौरान ग्रामीणों ने प्रत्येक घरेलू नल कनेक्शन से एक एक बाल्टी पानी का दान किया, जिसका उपयोग पौधारोपण में किया गया।

स्कूली बच्चों ने स्वागत गीत, जल संरक्षण और जनभागीदारी पर आधारित लोकगीतों पर नृत्य तथा नुक्कड़ नाटक की प्रस्तुति दी। ग्राम के पेयजल स्रोतों की गुणवत्ता जांच के लिए एफटीके किट से जल परीक्षण का प्रदर्शन किया गया और ग्राम पंचायत को एफटीके किट वितरित की गई। पीएचई विभाग के अधिकारियों ने छत्तीसगढ़ ग्रामीण पेयजल संचालन एवं संधारण नियम 2024 की जानकारी दी तथा जल जीवन मिशन के अंतर्गत जल सेवा आंकलन प्रक्रिया से अवगत कराया। पेयजल सेवाओं की निरंतरता, गुणवत्ता, पर्याप्त मात्रा और प्रभावी संचालन संधारण पर विशेष ध्यान देने के लिए ग्राम पंचायत और ग्रामीणों को प्रेरित किया गया। इस अवसर पर जल संरक्षण और हर घर जल योजना के सफल क्रियान्वयन के लिए सामूहिक शपथ ली गई तथा ग्राम पंचायत तितरी को नल जल योजना से संबंधित आधिकारिक हस्तांतरण दस्तावेज सौंपे गए। स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने ग्रामीणों से योजना का स्वामित्व लेने, जलशुल्क का समय पर भुगतान करने और घरेलू नल कनेक्शनों के आसपास स्वच्छता बनाए रखने की अपील की। नल जल योजना के सफल संचालन संधारण के लिए ग्राम पंचायत तितरी को सम्मानित किया गया। ग्राम सचिव उपदेश मेरावी और पंप ऑपरेटर धनसिंह मेरावी को सक्रिय भूमिका निभाने पर प्रमाण पत्र प्रदान किए गए। अंत में पर्यावरण संरक्षण और हरियाली बढ़ाने के उद्देश्य से पौधारोपण कर कार्यक्रम का समापन किया गया।

कार्यक्रम में प्रमुख रूप से जिला पंचायत सदस्य एवं सभापति राजकुमार मेरावी, कपूरचंद ठाकरे, सरपंच बिरोबाई मेरावी, उपसरपंच पुष्पा बाई धुर्वे, किसान युवा मोर्चा अध्यक्ष चतुर सिंह धुर्वे, एसडीओ पीएचई गोपाल प्रसाद ठाकुर, उप अभियंता टोमन लाल कुंजाम, सरपंच प्रतिनिधि अन्तराम मेरावी, पंचायत सचिव उपदेश मेरावी, स्वच्छ सुंदर मोर गांव समिति के युवा साथी तथा समस्त ग्रामवासी उपस्थित रहे।

 

 

 

 

Shailendra Gupta

supersamarthankichitthi.in छत्तीसगढ़ आधारित न्यूज़ पोर्टल है, जो राजनीति, शिक्षा, खेल, मनोरंजन और स्थानीय खबरों की ताज़ा व विश्वसनीय जानकारी प्रदान करता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button