जांजगीर-चांपाछत्तीसगढ़

मेहनत और आत्मविश्वास से सविता साहू बनीं आत्मनिर्भर, सेंट्रिंग सामग्री के व्यवसाय ने बदली आर्थिक स्थिति

जांजगीर-चांपा ,13 मार्च 2026 । जिले के विकासखण्ड नवागढ़ के ग्राम मुड़पार (खि) की निवासी सविता साहू आज अपने मेहनत और आत्मविश्वास के बल पर आत्मनिर्भर बनकर अन्य महिलाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत बन गई हैं। वे विश्वकर्मा महिला स्व-सहायता समूह से जुड़ी हुई हैं और वर्तमान में समूह की अध्यक्ष के रूप में सक्रिय भूमिका निभा रही हैं। समूह में कुल 10 सदस्य हैं, जिनके सहयोग और सामूहिक प्रयास से गांव में महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण की दिशा में सकारात्मक कार्य हो रहा है।

समूह से जुड़ने से पहले सविता साहू का परिवार मुख्यतः मजदूरी पर निर्भर था। सीमित आय के कारण परिवार की जरूरतों को पूरा करना कठिन हो जाता था और पूरे परिवार की वार्षिक आय लगभग 1 लाख रुपये के आसपास ही थी। आर्थिक स्थिति को बेहतर बनाने की इच्छा रखते हुए सविता साहू ने स्व-सहायता समूह से जुड़कर कुछ नया करने का संकल्प लिया। समूह के माध्यम से उन्हें बैंक से 3 लाख रुपये का ऋण प्राप्त हुआ। इस राशि का उपयोग करते हुए उन्होंने सेंट्रिंग सामग्री (सेंटरिंग समान) का व्यवसाय प्रारंभ किया। धीरे-धीरे उनका व्यवसाय बढ़ने लगा और निर्माण कार्यों में सेंट्रिंग सामग्री की मांग के कारण उनकी आय में भी लगातार वृद्धि होने लगी। वर्तमान में सविता साहू मजदूरी से लगभग 15 हजार रुपये तथा सेंट्रिंग सामग्री व्यवसाय से लगभग 5 लाख रुपये की आय अर्जित कर रही हैं। आज उनके परिवार की कुल वार्षिक आय लगभग 7 लाख रुपये तक पहुँच गई है, जिससे उनके परिवार की आर्थिक स्थिति पहले की तुलना में काफी मजबूत हो गई है।

सविता साहू बताती हैं कि स्व-सहायता समूह से जुड़ने के बाद उन्हें आर्थिक सहयोग के साथ-साथ आत्मविश्वास भी मिला। आज वे अपने परिवार की जरूरतों को आसानी से पूरा कर पा रही हैं और अन्य महिलाओं को भी समूह से जुड़कर स्वरोजगार अपनाने के लिए प्रेरित कर रही हैं। उनकी यह सफलता इस बात का उदाहरण है कि यदि महिलाओं को सही मार्गदर्शन और अवसर मिले, तो वे आत्मनिर्भर बनकर अपने परिवार और समाज के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती हैं।

 

Shailendra Gupta

supersamarthankichitthi.in छत्तीसगढ़ आधारित न्यूज़ पोर्टल है, जो राजनीति, शिक्षा, खेल, मनोरंजन और स्थानीय खबरों की ताज़ा व विश्वसनीय जानकारी प्रदान करता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button