मुंगेलीछत्तीसगढ़

स्कूलों की स्थिति सुधारें, योजनाओं में लाएं प्रगति, लापरवाही पर होगी कार्रवाई – कलेक्टर

समय-सीमा की बैठक सम्पन्न

मुंगेली, 24 जून 2025 । कलेक्टर कुन्दन कुमार ने जिला कलेक्टोरेट स्थित मनियारी सभाकक्ष में समय-सीमा की बैठक ली। उन्होंने शिक्षा, राजस्व, कृषि, महिला एवं बाल विकास, खेल, स्वास्थ्य, और विशेष पिछड़ी जनजाति समुदायों से जुड़े विषयों पर गहन चर्चा की। कलेक्टर ने योजनाओं की धीमी प्रगति पर असंतोष व्यक्त करते हुए संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध कार्य और संवेदनशीलता के साथ जिम्मेदारी निभाने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने जिले के शासकीय स्कूलों की स्वच्छता, व्यवस्था और पठन-पाठन वातावरण पर गहरी चिंता जताई। उन्होंने कहा कि जिले के कई स्कूलों में गंदगी और अव्यवस्था पाई गई है, जिसे तत्काल दुरुस्त किया जाए। उन्होंने सभी एसडीएम और बीईओ को निर्देश दिए कि पुस्तक वितरण कार्य की नियमित मॉनिटरिंग करें और शत-प्रतिशत वितरण कार्य शीघ्र पूरा करें, अन्यथा जिम्मेदारों पर कार्रवाई तय है।

फ्लैगशिप योजनाओं और रैंकिंग में सुधार लाने के दिए निर्देश

बैठक में कलेक्टर ने फ्लैगशिप योजनाओं की स्थिति और विभागीय रैंकिंग की समीक्षा करते हुए निर्देश दिया कि हर विभाग सुधारात्मक कदम उठाए। उन्होंने कहा कि जिले की स्थिति राज्य स्तर पर बेहतर हो, इसके लिए लगातार मेहनत करनी होगी। कलेक्टर ने राजस्व विभाग के कार्यों की समीक्षा करते हुए खाता विभाजन, व्यपवर्तन और सीमांकन प्रकरणों और जरहागांव, लालपुर और मुंगेली तहसीलदारों को जाति प्रमाण पत्र के प्रकरणों में विशेष प्रगति लाने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने खाद-बीज की समितिवार स्थिति की जानकारी ली और इसके लिए एमआईएस प्रणाली लागू करने को कहा। उन्होंने संग्रहण केंद्रो धान उठाव सप्ताह भर में सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के अंतर्गत फसल क्षति दावा भुगतान में विलंब पर नाराजगी जताते हुए बीमा अधिकारी को शत-प्रतिशत बीमा क्लेम का भुगतान करने और किसानों को जागरूक एवं सेंसिटाइज करने के निर्देश दिए।

किसानों को भुगतान में न हो बाधा, बैंक समन्वय में सुधार लाने के निर्देश

कलेक्टर ने कहा कि किसानों को बैंक में भुगतान में कोई परेशानी न हो। उन्होंने सीसीबी नोडल अधिकारियों को भुगतान संबंधी समस्याओं का समाधान करने हेतु ठोस उपाय अपनाने के निर्देश दिए। उन्होंने सुकन्या समृद्धि योजना की समीक्षा में क्लस्टर लेवल पर सुपरवाइजरों को सक्रिय कर बालिकाओं के बैंक खाते खुलवाने के लिए विशेष अभियान चलाने को कहा। साथ ही प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना में धीमी प्रगति पर महिला एवं बाल विकास विभाग के जिला कार्यक्रम अधिकारी और सीडीपीओ को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि रेडी टू ईट की आपूर्ति और आंगनबाड़ी केंद्रों के संचालन को लेकर सतर्कता बरते और गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखा जाए। कलेक्टर ने सभी एसडीएम और तहसीलदारों को अपने क्षेत्र के स्कूल, आंगनबाड़ी, छात्रावास और स्वास्थ्य केंद्रों का निरीक्षण नियमित रूप से करें तथा रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।

पीवीटीजी समुदायों के समग्र विकास के लिए प्राथमिकता से कार्य करें

कलेक्टर ने कहा कि पीवीटीजी समुदायों तक योजनाओं का लाभ समय पर और प्रभावी रूप से पहुंचे, यह सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने विशेष रूप से कमजोर जनजातीय समूह के सामाजिक, शैक्षिक और आर्थिक विकास के लिए प्राथमिकता से कार्य करने के निर्देश दिए। साथ ही कहा कि पीवीटीजी समुदाय में स्किल गैप निकालकर उनके कौशल उन्नयन के लिए बेहतर कार्ययोजना बनाकर कार्य करें। कलेक्टर ने एटीआर (अचानकमार टाइगर रिज़र्व) क्षेत्र की समीक्षा करते हुए कहा कि विस्थापन की प्रक्रिया मानवीय दृष्टिकोण से की जाए और कोई भी प्रभावित परिवार परेशान न हो। उन्होंने अधिकारियों को एटीआर क्षेत्र में रहवासियों की समस्याएं सुनने और संवेदनशीलता के साथ समाधान करने के निर्देश दिए।

फुटबॉल स्टेडियम के लिए भूमि आबंटन की प्रक्रिया में तेजी लाने के निर्देश

कलेक्टर ने जिले में फुटबॉल स्टेडियम के लिए खेल अधिकारी को आवश्यक भूमि आबंटन की प्रक्रिया तेजी लाने के निर्देश दिए। साथ ही कलेक्टर ने एसटीपी (सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट) हेतु भूमि आवंटन और किसान पंजीयन की प्रक्रिया की भी समीक्षा की और आवश्यक निर्देश दिए। कलेक्टर ने स्पष्ट किया कि सभी अधिकारी फील्ड में जाकर योजनाओं का मूल्यांकन करें और संवेदनशीलता के साथ कार्य करें। लापरवाही, उदासीनता और रिपोर्टिंग में चूक बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि जनहित सर्वाेपरि है, और उसी भावना से सभी कार्य किए जाने चाहिए। इस अवसर पर वनमण्डलाधिकारी अभिनव कुमार, अपर कलेक्टर निष्ठा पाण्डेय तिवारी, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी प्रभाकर पाण्डेय सहित विभिन्न विभाग के जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

Shailendra Gupta

supersamarthankichitthi.in छत्तीसगढ़ आधारित न्यूज़ पोर्टल है, जो राजनीति, शिक्षा, खेल, मनोरंजन और स्थानीय खबरों की ताज़ा व विश्वसनीय जानकारी प्रदान करता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button