बेमेतराछत्तीसगढ़

जिले में उर्वरक की पर्याप्त आपूर्ति सुनिश्चित, किसानों को सुगम वितरण से लाभ, कृषि उत्पादन में होगी वृद्धि

बेमेतरा 11 जुलाई 2025 । जिले के किसानों को इस खरीफ सीजन में उर्वरक की किसी प्रकार की कमी न हो, इसके लिए जिला प्रशासन द्वारा समय रहते व्यापक प्रबंधन किया गया है। प्रशासन की सजगता और समन्वय से जिले में रासायनिक उर्वरकों की पर्याप्त मात्रा में आपूर्ति सुनिश्चित हो चुकी है, जिससे किसानों को अपनी फसलों की देखभाल करने में विशेष सुविधा मिल रही है। खरीफ सीजन में फसलों की अच्छी पैदावार के लिए यूरिया, डीएपी, एसएसपी, एनपीके और पोटाश जैसे रासायनिक उर्वरकों की विशेष भूमिका होती है। विगत वर्ष किसानों को कुल 92,532 मेट्रिक टन उर्वरकों की आपूर्ति की गई थी, वहीं इस वर्ष मांग और कृषि विस्तार को देखते हुए 10% की वृद्धि के साथ 1,01,511 मेट्रिक टन उर्वरक वितरण का लक्ष्य तय किया गया है।

जिले में 102 सहकारी समितियां एवं निजी विक्रय केंद्रों के माध्यम से अभी तक 76,169 मेट्रिक टन रासायनिक उर्वरक का भंडारण किया जा चुका है, जो लक्ष्य का लगभग 75% है। इसके अलावा 62,142 मेट्रिक टन उर्वरक का वितरण भी हो चुका है, जो कुल लक्ष्य का 61% है। इससे स्पष्ट है कि वितरण प्रक्रिया तेज गति से संचालित की जा रही है। सहकारी समितियों में केसीसी के माध्यम से किसानों को फसल ऋण के साथ-साथ उर्वरक की उपलब्धता सरलता से कराई जा रही है। साथ ही जिले के चार डबल लॉक केंद्रों में वर्तमान में 1,214 मेट्रिक टन उर्वरक उपलब्ध है। समितियों द्वारा उर्वरक उठाव के तुरंत बाद डबल लॉक केंद्रों से त्वरित आपूर्ति की जा रही है ताकि समय पर किसानों को उर्वरक मिल सके।

जिला प्रशासन द्वारा उर्वरक आपूर्ति की प्रक्रिया को प्रभावी बनाने के लिए कई पहल की गई है। इसमें मांग का पूर्व आकलन, निजी कंपनियों व मार्कफेड के साथ समन्वय, आपूर्ति की निगरानी, तथा मैदानी अमलों के माध्यम से किसानों को उपलब्धता की जानकारी देना शामिल है। इन प्रयासों के फलस्वरूप जिले के किसान संतोषजनक रूप से उर्वरक प्राप्त कर रहे हैं, जिससे वे अपनी फसलों की समय पर देखभाल करने में सक्षम हो रहे हैं। इससे न केवल फसलों की उपज में वृद्धि होगी, बल्कि कृषकों की आय भी बढ़ेगी और जिले की कृषि अर्थव्यवस्था सुदृढ़ होगी। जिला प्रशासन द्वारा यह सुनिश्चित कर रहा है कि जिले का प्रत्येक किसान समय पर गुणवत्तायुक्त उर्वरक प्राप्त कर सके और कृषि कार्य बाधारहित रूप से संपन्न हो।

 

 

Shailendra Gupta

supersamarthankichitthi.in छत्तीसगढ़ आधारित न्यूज़ पोर्टल है, जो राजनीति, शिक्षा, खेल, मनोरंजन और स्थानीय खबरों की ताज़ा व विश्वसनीय जानकारी प्रदान करता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button