मुंगेलीछत्तीसगढ़

एसआईआर के तहत फॉर्म 6 से संबंधित प्रशिक्षण सम्पन्न

मुंगेली, 01 जनवरी 2026 । जिला पंचायत सभा कक्ष धरमपुरा, मुंगेली में विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण (एसआईआर) कार्यक्रम के अंतर्गत फॉर्म 6 से संबंधित प्रशिक्षण का आयोजन किया गया। यह प्रशिक्षण जिले के कॉलेज एवं हायर सेकेंडरी स्कूलों के प्राचार्यों के लिए आयोजित किया गया, ताकि मतदाता सूची से जुड़े कार्यों का प्रभावी एवं त्रुटिरहित निष्पादन सुनिश्चित किया जा सके।

प्रशिक्षण कार्यक्रम में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी प्रभाकर पांडे, मुंगेली एसडीएम अजय शतरंज, लोरमी एसडीएम अजीत पुजारी तथा पथरिया एसडीएम रेखा चंद्रा विशेष रूप से उपस्थित रहे। अधिकारियों ने प्रशिक्षणार्थियों को एसआईआर के महत्व पर प्रकाश डालते हुए मतदाता सूची को अद्यतन रखने में शैक्षणिक संस्थानों की भूमिका को महत्वपूर्ण बताया। अपने-अपने विद्यालय एवं महाविद्यालय में जिन विद्यार्थियों की आयु 18 वर्ष पूर्ण हो चुकी है, उनको अनिवार्य रूप से फॉर्म भरवाने के लिए पर्याप्त संख्या में फॉर्म 6 और घोषणा पत्र भी वितरित किया गया।

मास्टर ट्रेनर संजय सोनी ने फॉर्म 6 के माध्यम से नए मतदाताओं के नाम जोड़ने, आवश्यक दस्तावेजों की प्रक्रिया, ऑनलाइन एवं ऑफलाइन आवेदन की जानकारी तथा त्रुटि सुधार से संबंधित महत्वपूर्ण बिंदुओं को विस्तार से समझाया। उन्होंने प्रशिक्षणार्थियों के प्रश्नों का समाधान करते हुए व्यावहारिक उदाहरणों के माध्यम से प्रक्रिया को सरल रूप में प्रस्तुत किया। प्रशिक्षण के दौरान उपस्थित प्राचार्यों ने सक्रिय सहभागिता करते हुए विषय से संबंधित जिज्ञासाओं को साझा किया। अधिकारियों ने अपेक्षा व्यक्त की कि प्रशिक्षण के पश्चात शैक्षणिक संस्थानों के माध्यम से अधिक से अधिक पात्र युवाओं का नाम मतदाता सूची में जोड़ा जा सकेगा, जिससे लोकतांत्रिक प्रक्रिया को और अधिक सशक्त बनाया जा सकेगा। इस दौरान ईआरओ, एईआरओ सहित प्राचार्यगण मौजूद रहे।

 

 

 

 

 

 

Shailendra Gupta

supersamarthankichitthi.in छत्तीसगढ़ आधारित न्यूज़ पोर्टल है, जो राजनीति, शिक्षा, खेल, मनोरंजन और स्थानीय खबरों की ताज़ा व विश्वसनीय जानकारी प्रदान करता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button