कवर्धाकबीरधामछत्तीसगढ़

बखारीपाठ हमारी आस्था और अध्यात्म का आदि-प्राचीन धरोहर स्थल है– उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा

उप मुख्यमंत्री ने बखारीपाठ पहुंच मार्ग पर सीसी रोड निर्माण के लिए 15 लाख रुपए की घोषणा की

कवर्धा, 20 अगस्त 2025। प्रदेश के उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा अपने कवर्धा प्रवास के दौरान आज आदि-प्राचीन काल से धर्मिक, अध्यात्म और जन आस्था का केन्द्र ग्राम सरेखा के सिद्ध पीठ बखारीपाठ देव स्थल में आयोजित रामधुनी कार्यक्रम में शामिल हुए। उपमुख्यमंत्री शर्मा ने पूजा-अर्चना कर आशीर्वाद लिया और जिले तथा छत्तीसगढ़ प्रदेश विकास, समृद्धि,खुशहाली और क्षेत्रवासियों के प्रगति के लिए आशीर्वाद मांगा। उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने ग्रामीणों की सुविधा और आवागमन को और सुगम बनाने के लिए बखारीपाठ पहुंच मार्ग पर सीसी रोड निर्माण के लिए 15 लाख रुपए की घोषणा की। उन्होंने कहा कि इस सड़क के बनने से श्रद्धालुओं को देवस्थल तक पहुंचने में आसानी होगी। इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष ईश्वरी साहू, कृषक कल्याण बोर्ड के अध्यक्ष सुरेश चंद्रवंशी, जिला पंचायत सदस्य राम कुमार भट्ट, नितेश अग्रवाल, जनपद सदस्य राजेश साहू, बखारी पाठ मेला समिति के पदाधिकारी सहित आसपास के ग्रामीजन और पंच-सरपंच जनप्रतिनिधिगण उपस्थित थे

उपमुख्यमंत्री शर्मा ने कहा कि ग्राम बखारीपाठ आदि-प्राचीन काल से धार्मिक, आध्यात्मिक और जन-आस्था का प्रमुख केंद्र रहा है। यहां परंपरागत रूप से निरंतर पूजा-अर्चना होती आ रही है, जिसका पौराणिक महत्व भी विद्यमान है। उन्होंने इसे क्षेत्र का दार्शनिक और सांस्कृतिक धरोहर स्थल बताते हुए कहा कि जब गांवों का विकास होता है, तभी नागरिकों का वास्तविक विकास संभव हो पाता है। उप मुख्यमंत्री शर्मा ने इस अवसर पर कहा कि छत्तीसगढ़ सरकार गांव-गांव तक विकास की रोशनी पहुंचाने के लिए सतत् प्रयासरत है। सड़कों, शिक्षा, स्वास्थ्य और आधारभूत सुविधाओं के विस्तार से ग्रामीण अंचल के लोगों को न केवल सुविधा मिलेगी, बल्कि शहरों तक उनकी सीधी पहुंच भी सुदृढ़ होगी। उन्होंने कहा कि इस क्षेत्र में आस पास के गांव सहित दूर दूर से श्रद्धालु बखारीपाठ में पूजा अर्चना करने आते है और यह धार्मिक जनआस्था का केन्द्र है।

उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने बताया कि बखारीपाठ क्षेत्र के सर्वांगीण विकास के लिए 1 करोड़ 32 लाख रुपए की लागत से विभिन्न विकास कार्य किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार का लक्ष्य है कि गांव-गांव तक बुनियादी सुविधाएं पहुंचें और यहां की जनता को सीधे इसका लाभ मिले। उन्होंने विशेष तौर पर उल्लेख किया कि पिछले वर्ष बखारीपाठ की समृद्धि और विकास के लिए पुलिया निर्माण की घोषणा की गई थी, जो अब पूर्ण हो चुकी है। इस पुलिया के बन जाने से ग्रामीणों के आवागमन में बड़ी सुविधा मिली है और क्षेत्र की कनेक्टिविटी मजबूत हुई है। उन्होंने इसे स्थानीय नागरिकों के लिए विकास की बड़ी सौगात बताते हुए कहा कि सरकार गांव और शहर के बीच संतुलित प्रगति सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है।

 

 

 

 

Shailendra Gupta

supersamarthankichitthi.in छत्तीसगढ़ आधारित न्यूज़ पोर्टल है, जो राजनीति, शिक्षा, खेल, मनोरंजन और स्थानीय खबरों की ताज़ा व विश्वसनीय जानकारी प्रदान करता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button