कवर्धा, 3 मई 2025। प्रदेश के उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा का सरल, सुलभ और आत्मीय स्वभाव एक बार फिर लोगों के दिलों को छू गया। आज कबीरधाम जिले के पंडरिया विधानसभा के ग्राम दामापुर अतरीया के दौरे पर पहुंचे। उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा साहू समाज द्वारा आयोजित 11 कुण्डीय लक्ष्मी नारायण यज्ञ में शामिल हुए। उन्होंने लक्ष्मी नारायण यज्ञ में पूजा अर्चना कर आशीर्वाद लिया और प्रदेश के सुख समृद्धि की कामना की । उन्होंने साहू समाज की मांग पर डोम निर्माण के लिए 30 लाख रुपए की घोषणा किया। उप मुख्यमंत्री शर्मा ने आम ग्रामीणों के बीच जाकर उनसे आत्मीय बातचीत की।

प्रदेश के उपमुख्यमंत्री जैसे ऊंचे पद पर होने के बावजूद उनका जमीन से जुड़ा व्यक्तित्व उन्हें जनता के और करीब लाता है। दामापुर पहुंचते ही उन्होंने न केवल ग्रामीणों का हालचाल जाना, बल्कि एक स्थानीय होटल में जाकर उनके साथ चाय-नाश्ते का भी आनंद लिया। उनके इस व्यवहार ने ग्रामीणों को यह अहसास कराया कि वे केवल जनप्रतिनिधि नहीं, बल्कि अपनेपन से भरे एक सच्चे जनसेवक हैं। उप मुख्यमंत्री की यह सादगी और आत्मीयता ने वहां मौजूद लोगों को गहराई से प्रभावित किया। लोग उनसे खुलकर मिले और आत्मीयता के इस स्वभाव को सराहा।

ग्रामीणों ने भी इस मुलाकात को अपने जीवन का एक विशेष क्षण बताया। उन्होंने बताया कि उप मुख्यमंत्री का यह व्यवहार उन्हें अपना परिवार का सदस्य महसूस कराता है। केवल अपनी विधानसभा ही नहीं, बल्कि जहां भी वे जाते हैं, वहां की जनता से वे उतनी ही आत्मीयता से मिलते हैं, जिससे लोगों का विश्वास और समर्थन लगातार उनके प्रति बना रहता है। किसी उप मुख्यमंत्री का बिना औपचारिकता के आम लोगों के बीच बैठना, उनके साथ बात करना और भोजन साझा करना आज के दौर में एक दुर्लभ दृश्य है।

उप मुख्यमंत्री शर्मा के इस आत्मीय व्यवहार ने एक बार फिर यह सिद्ध कर दिया कि वे न केवल अपने विधानसभा क्षेत्र में, बल्कि जहां भी जाते हैं, लोगों के दिलों में भरोसे और अपनत्व की भावना छोड़ जाते हैं। उनकी लोकप्रियता का आधार सिर्फ विकास कार्य ही नहीं, बल्कि जन-जन से उनका सजीव संवाद और जुड़ाव भी है।

 

 

 

 

 

Avatar photo

By Shailendra Gupta

supersamarthankichitthi.in छत्तीसगढ़ आधारित न्यूज़ पोर्टल है, जो राजनीति, शिक्षा, खेल, मनोरंजन और स्थानीय खबरों की ताज़ा व विश्वसनीय जानकारी प्रदान करता है।