छत्तीसगढ़बेमेतरा

स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) की समीक्षा बैठक सम्पन्न, कलेक्टर ने दिए प्रभावी क्रियान्वयन के निर्देश

बेमेतरा, 23 मई 2025/ स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) के अंतर्गत संचालित गतिविधियों की समीक्षा हेतु जिला स्तरीय प्रबंधन समिति की बैठक आज जिला पंचायत बेमेतरा के सभा कक्ष में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता कलेक्टर रणबीर शर्मा ने की।

बैठक में मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत टेकचंद्र अग्रवाल, अपर कलेक्टर अनिल बाजपेयी सहित लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी, ग्रामीण यांत्रिकी सेवा, जल संसाधन, कृषि, महिला एवं बाल विकास, शिक्षा, पंचायत, समाज कल्याण, आदिवासी विकास, जनसंपर्क, जनपद पंचायत एवं वन विभाग के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

मुख्य कार्यपालन अधिकारी टेकचंद्र अग्रवाल ने विभिन्न ग्राम पंचायतों में स्वच्छता की वर्तमान स्थिति की जानकारी दी तथा आगामी कार्ययोजना के संबंध में बताया ।

बैठक में मिशन के अंतर्गत चल रहे कार्यों की समीक्षा करते हुए कलेक्टर शर्मा ने अजेंडावार चर्चा की। उन्होंने जिले के चारों विकासखण्डों में एक-एक मॉडल ग्राम पंचायत चिन्हांकित कर वहां व्यापक स्वच्छता जागरूकता अभियान चलाने और उन ग्रामों को आदर्श स्वच्छ ग्राम के रूप में विकसित करने के निर्देश दिए। उन्होंने आगामी विश्व पर्यावरण दिवस पर ग्रामीणों को पेड़ लगाने के लिए प्रेरित करने की बात कही।

कलेक्टर ने प्लास्टिक वेस्ट मैनेजमेंट यूनिट की सक्रियता पर विशेष बल देते हुए फीकल स्लज ट्रीटमेंट प्लांट को पूरी तरह क्रियाशील बनाने के निर्देश दिए। इसके साथ ही बायोगैस संयंत्रों की उपयोगिता और प्रभावी संचालन पर भी विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक में कलेक्टर शर्मा ने ग्रामीण क्षेत्रों में स्वच्छता की स्थिति में सुधार के लिए ठोस और तरल अपशिष्ट प्रबंधन, शौचालय निर्माण और जनजागरूकता कार्यक्रमों को प्राथमिकता देने पर जोर दिया। उन्होंने ग्राम पंचायत सरपंच, सचिवों से भी आग्रह किया कि किसानों को ग्रीष्म ऋतु में धान के बदले कम पानी की फसल लेने प्रेरित करें । साथ ही ग्रामीणों को जल संचय संवर्धन का भी संकल्प दिलाए।

उन्होंने विभागीय समन्वय को सशक्त करते हुए योजनाओं के क्रियान्वयन में तेजी लाने के निर्देश दिए कलेक्टर ने निर्देशित किया कि सभी विभाग परस्पर सहयोग से कार्य करें ताकि ग्रामीणों को बेहतर स्वच्छता सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें।

बैठक में कलेक्टर ने कहा कि आगामी माहों में जनभागीदारी बढ़ाकर जागरूकता अभियान चलाए जाएंगे, जिससे मिशन के लक्ष्य समयबद्ध रूप से पूर्ण किए जा सकें।

 

 

 

Shailendra Gupta

supersamarthankichitthi.in छत्तीसगढ़ आधारित न्यूज़ पोर्टल है, जो राजनीति, शिक्षा, खेल, मनोरंजन और स्थानीय खबरों की ताज़ा व विश्वसनीय जानकारी प्रदान करता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button