मुंगेलीछत्तीसगढ़

सुशासन तिहार: ग्राम सेतगंगा में समाधान शिविर का हुआ आयोजन

कलेक्टर और जनप्रतिनिधियों ने शिविर का किया अवलोकन, आमजनता से किया प्रत्यक्ष संवाद

मुंगेली, 06 मई 2025 । सुशासन तिहार के अंतर्गत मुंगेली विकासखंड के ग्राम सेतगंगा में समाधान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का शुभारंभ दीप प्रज्वलित कर किया गया। इस दौरान विभिन्न विभागों द्वारा शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं से संबंधित आकर्षक प्रदर्शनी लगाई गई और आमजनों को जानकारी देते हुए लाभ उठाने प्रेरित किया गया। साथ ही विभागीय अधिकारियों द्वारा सुशासन तिहार में प्राप्त आवेदनों के निराकरण संबंध में जानकारी दी गई। सांस्कृतिक कार्यक्रम के माध्यम से जल संरक्षण का संदेश दिया गया।

कलेक्टर कुन्दन कुमार, जिला पंचायत सीईओ प्रभाकर पाण्डेय सहित प्रशासनिक अधिकारियों और जिला पंचायत अध्यक्ष कांत पाण्डेय, उपाध्यक्ष शांति देवचरण भास्कर, जनपद पंचायत मुंगेली अध्यक्ष रामकमल सिंह परिहार, जिला पंचायत सदस्य रजनी मानिक सोनवानी सहित स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने शिविर का अवलोकन किया। उन्होंने सीधे आवेदकों से संवाद किया और निराकरण के सम्बन्ध में जानकारी ली। इस दौरान ग्राम पौनी की महिला सातोबाई ने बताया कि समाधान शिविर में उनका आधार कार्ड बन गया, इससे वे काफी खुश है। कलेक्टर ने अपने हाथों से सातोबाई को आधार कार्ड उपलब्ध प्रदान किया।

राजस्व अमलों को प्रकरणों का गंभीरतापूर्वक निराकरण करने के निर्देश

कलेक्टर ने राजस्व विभाग से किसान पंजीयन की जानकारी ली और राजस्व अमलों को अपने कामकाज में कसावट लाते हुए प्रकरणों का गंभीरतापूर्वक निराकरण करने के निर्देश दिए। उन्होंने सेतगंगा में परिवहन सुविधा केंद्र शुरू कराने, युवाओं को रोजगार एवं स्वरोजगार हेतु मुद्रा लोन उपलब्ध कराने, शत-प्रतिशत लोगों का आयुष्मान कार्ड बनाने, जिले के किसानों को समय पर खाद एवं बीज उपलब्ध कराने, बिजली व्यवस्था को दुरुस्त करने, जल जीवन मिशन अंतर्गत गॉवों में स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराने, किसान क्रेडिट कार्ड वितरण करने के निर्देश संबंधित विभाग के अधिकारी को दिए।

*सीसीबी नोडल और ब्रांच मैनेजर को नोटिस जारी*

कलेक्टर ने जिला सहकारी केंद्रीय बैंक सेतगंगा में किसानों को 20 हजार रूपए तक लिमिट में राशि देने तथा भुगतान के एवज में पैसे काटने की शिकायत पर सीसीबी नोडल और ब्रांच मैनेजर को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किसानों को किसी भी प्रकार से परेशानी नहीं होना चाहिए। इसी तरह कलेक्टर ने कई गॉवों में नल जल योजना के तहत पेयजल नहीं मिलने और सड़क में गड्ढे आदि की शिकायत पर संबंधित ठेकेदारों को बुलाकर समझाईश देने, एसडीओ पीएचई को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। उन्होंने अंत्यावसायी विभाग के प्रभारी अधिकारी को लक्ष्य के अनुरूप युवाओं को रोजगार एवं स्व रोजगार हेतु ऋण उपलब्ध नहीं कराने पर कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।

*कलेक्टर ने स्वयं का कराया शुगर एवं बीपी जांच*

कलेक्टर ने स्वास्थ्य विभाग के शिविर में स्वयं का शुगर एवं बीपी जांच कराया, जिसमें नॉर्मल पाया गया। उन्होंने अन्य लोगों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहते हुए नियमित जांच के लिए प्रेरित किया। कलेक्टर ने महिला एवं बाल विकास विभाग अंतर्गत 05 बच्चों को सुपोषण कीट वितरित किया और 05 बच्चों को अन्नप्राशन कराया। उन्होंने शिक्षा विभाग अंतर्गत 10 दिव्यांग बच्चों को श्रवण यंत्र, व्हीलचेयर, शिक्षण सामग्री व एमआर कीट प्रदान किया। कलेक्टर ने श्रम विभाग की ओर से 20 हितग्राहियों को नवीन श्रम कार्ड, समाज कल्याण विभाग की ओर 20 हितग्राहियों को वृद्धा पेंशन प्रदान कर लाभान्वित किया। इस दौरान कक्षा 04थीं की छात्रा दीपांशी चंद्राकर ने कलेक्टर को 08 और 11 का पहाड़ा सुनाया। कलेक्टर ने सराहना की और पूछा बड़े होकर क्या बनना चाहती हो। दिव्यांशी ने बताया कि वह शिक्षिका बनना चाहती है। इस पर कलेक्टर ने मन लगाकर पढ़ाई करने और उज्जवल भविष्य के लिए शुभाशीष दिया।

कलेक्टर ने जल संरक्षण एवं संवर्धन के लिए ग्रामीणों को किया प्रेरित

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कलेक्टर ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के मंशानुरूप सुशासन तिहार अंतर्गत आमजनों की समस्याओं एवं मांगों के निराकरण के लिए समाधान शिविर आयोजित किया जा रहा है। सभी अधिकारी-कर्मचारी आमलोगों की समस्याओं का समाधान करने में जुटे हुए हैं। उन्होंने सभी अधिकारियों को शेष 33 शिविरों में इसी ऊर्जा के साथ कार्य करने प्रोत्साहित किया। कलेक्टर ने जल संरक्षण एवं संवर्धन के लिए ग्रामीणों को प्रेरित करते हुए कहा कि पानी के महत्व को समझते हुए संरक्षित करें, जिन लोगों का पक्का घर है, वे अपने घरों में रेनवाटर हार्वेस्टिंग की व्यवस्था अवश्य करें। बारिश के पानी को बोरी बंधान या किसी भी माध्यम से पानी का संचय करें। उन्होंने ग्रामीणों को अधिक से अधिक पौधे लगाने क लिए भी प्रेरित किया। कलेक्टर ने पालकों को अपने बच्चों के बेहतर शिक्षा के लिए प्रेरित किया।

शिविर में 04 हजार 174 आवेदनों के निराकरण की दी गई जानकारी

जिला पंचायत अध्यक्ष कांत पांडेय ने कहा कि छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा सुशासन तिहार के माध्यम से 10 से 15 ग्राम पंचायत का एक कलस्टर बनाकर आमजनों की समस्याओं का समाधान किया जा रहा है। शासन की योजनाओं का लाभ दिलाने कलेक्टर और सभी विभागों के अधिकारी शिविर में उपस्थित हुए है। उन्होंने आमजनों को समाधान शिविर का अधिक से अधिक लाभ उठाने प्रेरित किया। जनपद पंचायत अध्यक्ष परिहार और जिला पंचायत सदस्य सोनवानी ने भी कार्यक्रम को संबोधित किया और आमलोगों को शिविर का लाभ उठाने प्रेरित किया। जिला पंचायत सीईओ ने बताया कि आज के शिविर में 14 ग्राम पंचायतों से 04 हजार 197 आवेदन प्राप्त हुए हैं। इनमें से 04 हजार 174 आवेदनों का निराकरण किया जा चुका है। इस दौरान अपर कलेक्टर जी. एल. यादव, एसडीएम पार्वती पटेल सहित विभिन्न विभागांे के जिला स्तरीय अधिकारी, गणमान्य नागरिक और बड़ी संख्या में ग्रामीणजन मौजूद रहे।

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

Shailendra Gupta

supersamarthankichitthi.in छत्तीसगढ़ आधारित न्यूज़ पोर्टल है, जो राजनीति, शिक्षा, खेल, मनोरंजन और स्थानीय खबरों की ताज़ा व विश्वसनीय जानकारी प्रदान करता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button