मुंगेली, 19 नवंबर 2025 । जिले में कृषि विकास को बढ़ावा देने एवं किसानों को उन्नत तकनीक उपलब्ध कराने के उद्देश्य से एक्सटेंशन रिफॉर्म्स (आत्मा) योजना के अंतर्गत रबी फसल सरसों का बीज वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी विकासखंड लोरमी द्वारा संपन्न कराया गया, जिसमें किसानों को गुणवत्तापूर्ण और उन्नत किस्म के सरसों बीज प्रदान किए गए। कार्यक्रम के तहत ग्राम स्तर पर चयनित कृषकों एवं कृषक समूहों को प्रमाणित बीज का वितरण किया गया। इस अवसर पर कृषि अधिकारियों ने किसानों को रबी मौसम में अधिक उत्पादन प्राप्त करने हेतु बीज उपचार, संतुलित उर्वरक उपयोग, समय पर बुवाई, कीट प्रबंधन सहित विभिन्न वैज्ञानिक तकनीकों की जानकारी दी।

सहायक तकनीकी प्रबंधक श्री संजीव कुमार साहू ने बताया कि आत्मा योजना का मुख्य उद्देश्य किसानों तक आधुनिक कृषि तकनीक एवं प्रगतिशील खेती की जानकारी पहुँचाना है, ताकि किसान कम लागत में अधिक उत्पादन प्राप्त कर सकें। उन्होंने कहा कि सरसों जैसी तिलहनी फसलें आय बढ़ाने के साथ-साथ मिट्टी के स्वास्थ्य सुधार में भी सहायक होती हैं। अधिकारियों ने बीज वितरण के साथ-साथ खेत तैयारी, फसल प्रबंधन, निंदाई-गुड़ाई जैसी महत्वपूर्ण कृषि गतिविधियों पर भी विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने किसानों को बताया कि आत्मा योजना के माध्यम से जिले में लगातार प्रशिक्षण, तकनीकी मार्गदर्शन और प्रदर्शन आधारित कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं, जिनका सीधा लाभ किसानों तक पहुँच रहा है।

Avatar photo

By Shailendra Gupta

supersamarthankichitthi.in छत्तीसगढ़ आधारित न्यूज़ पोर्टल है, जो राजनीति, शिक्षा, खेल, मनोरंजन और स्थानीय खबरों की ताज़ा व विश्वसनीय जानकारी प्रदान करता है।