बेमेतराछत्तीसगढ़

जिला पंचायत में योजनाओं की गहन समीक्षा, बेहतर क्रियान्वयन के दिए गए निर्देश

बेमेतरा, 18 मार्च 2026 । जिला पंचायत के सभा कक्ष में आज मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत प्रेमलता पद्माकर की अध्यक्षता में ग्राम पंचायतों में संचालित विभिन्न शासकीय योजनाओं की विस्तृत समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक का उद्देश्य योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन, प्रगति की स्थिति का मूल्यांकन एवं जमीनी स्तर पर आ रही समस्याओं का निराकरण सुनिश्चित करना रहा।

बैठक में प्रमुख रूप से महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना (मनरेगा), स्वच्छ भारत मिशन, प्रधानमंत्री आवास योजना तथा बिहान योजना की प्रगति की समीक्षा की गई। सीईओ ने योजनाओं के अंतर्गत किए जा रहे कार्यों की बिंदुवार जानकारी लेते हुए अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक समयबद्ध एवं पारदर्शी तरीके से पहुंचे।

बैठक में महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना (मनरेगा) के प्रभावी क्रियान्वयन पर विशेष जोर देते हुए निर्देशित किया गया कि सभी ग्राम पंचायतों में स्वीकृत कार्यों को शीघ्र प्रारंभ कर अधिक से अधिक श्रमिकों को रोजगार उपलब्ध कराया जाए। साथ ही, जिन कार्यों की स्थिति मनरेगा एमआईएस पर अपूर्ण प्रदर्शित हो रही है, उन्हें प्राथमिकता के आधार पर अधिक श्रमिक लगाकर शीघ्र पूर्ण किया जाए तथा समय पर सीसी जारी करने की कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत स्वीकृत आवास निर्माण कार्यों में प्रत्येक हितग्राही को 90 दिवस का रोजगार उपलब्ध कराने हेतु शत-प्रतिशत मास्टर रोल जारी कर निर्माण कार्यों को तेजी से पूर्ण करने के निर्देश दिए गए। इसके अतिरिक्त जल संरक्षण से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता में रखते हुए रिचार्ज पिट, सोक पिट, डाबरी निर्माण जैसे सभी स्वीकृत कार्यों को भौतिक रूप से समयबद्ध पूर्ण करने के लिए संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश प्रदान किए गए।

पद्माकर ने मनरेगा के अंतर्गत स्वीकृत कार्यों को तेजी से पूर्ण करने, मजदूरों को समय पर भुगतान सुनिश्चित करने तथा अधिक से अधिक लोगों को रोजगार उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया। वहीं स्वच्छ भारत मिशन के अंतर्गत शौचालय निर्माण एवं स्वच्छता गतिविधियों को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए गए। सभी सक्रिय श्रमिक का ई केवाय सी पूर्ण करने के निर्देश दिए गए ।

प्रधानमंत्री आवास योजना की समीक्षा के दौरान उन्होंने अपूर्ण आवासों को शीघ्र पूर्ण कराने, हितग्राहियों को समय पर किस्तों का भुगतान सुनिश्चित करने तथा गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए। बिहान योजना के अंतर्गत स्व-सहायता समूहों की गतिविधियों को बढ़ावा देने एवं महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने की दिशा में कार्य करने पर भी बल दिया गया।

बैठक में तकनीकी सहायक, विकासखंड समन्वयक, कार्यक्रम अधिकारी (मनरेगा एवं आवास) सहित जनपद एवं जिला स्तर के सभी संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। सभी अधिकारियों को आपसी समन्वय स्थापित कर योजनाओं के क्रियान्वयन में गति लाने के निर्देश दिए गए। अंत में सीईओ जिला पंचायत ने स्पष्ट रूप से कहा कि शासन की योजनाओं का उद्देश्य अंतिम व्यक्ति तक लाभ पहुंचाना है, इसलिए सभी अधिकारी अपनी जिम्मेदारी को गंभीरता से निभाते हुए कार्य करें, ताकि जिले में विकास कार्यों की गति और अधिक तेज हो सके तथा आमजन को योजनाओं का अधिकतम लाभ प्राप्त हो।

 

 

 

Shailendra Gupta

supersamarthankichitthi.in छत्तीसगढ़ आधारित न्यूज़ पोर्टल है, जो राजनीति, शिक्षा, खेल, मनोरंजन और स्थानीय खबरों की ताज़ा व विश्वसनीय जानकारी प्रदान करता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button