मुंगेलीछत्तीसगढ़

महतारी वंदन योजना: ग्राम कटामी की चंदा कंवर को मिल रहा आर्थिक सहारा

अपनी बेटी की पढ़ाई-लिखाई से जुड़ी आवश्यकताओं को कर रही पूरा

मुंगेली, 11 मार्च 2026 । महतारी वंदन योजना के माध्यम से राज्य की महिलाओं को आर्थिक सशक्तिकरण की दिशा में मजबूत आधार मिल रहा है, जिससे वे परिवार और बच्चों के भविष्य को बेहतर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। इसी कड़ी में विकासखंड लोरमी के ग्राम कटामी की चंदा बाई कंवर योजना के तहत हर माह मिलने वाली 1000 रुपये की आर्थिक सहायता से अपनी बेटी की पढ़ाई-लिखाई और प्रशिक्षण से जुड़ी आवश्यकताओं को पूरा कर रही हैं। इससे उन्हें आर्थिक रूप से काफी सहारा मिला है और बेटी की शिक्षा जारी रखने में भी आसानी हुई है। पहले छोटी-छोटी जरूरतों के लिए भी कई बार सोच-विचार करना पड़ता था, लेकिन अब योजना से मिलने वाली राशि से परिवार की कुछ आवश्यक जरूरतें पूरी हो जाती हैं। इससे न केवल आर्थिक राहत मिली है, बल्कि बेटी के भविष्य को लेकर उनका आत्मविश्वास भी बढ़ा है।

चंदा कंवर ने बताया कि उनका परिवार लंबे समय से मजदूरी पर निर्भर रहा है। सीमित आय के कारण परिवार की जिम्मेदारियां निभाना हमेशा एक चुनौती रही, लेकिन राज्य शासन की महतारी वंदन योजना ने उनके जीवन में नई उम्मीद जगाई है। चंदा बाई कंवर बताती हैं कि उनके परिवार में चार बेटियां हैं, जिनमें से तीन की शादी हो चुकी है। वर्तमान में परिवार में वे स्वयं, उनके पति और उनकी सबसे छोटी बेटी रहते हैं। उनकी बेटी बी.एससी. की पढ़ाई कर रही है और साथ ही नर्सिंग का प्रशिक्षण भी ले रही है। परिवार की आर्थिक स्थिति कमजोर होने के बावजूद बेटी के उज्ज्वल भविष्य के लिए वे हमेशा प्रयासरत रही हैं। योजना के तहत हर माह मिलने वाली 1000 रुपये की आर्थिक सहायता उनके लिए बड़ी मदद साबित हो रही है। उन्होंने राज्य शासन की इस पहल के लिए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि महतारी वंदन योजना जैसी योजनाएं गरीब और मेहनतकश परिवारों के लिए सच में सहारा बन रही हैं। इस योजना ने उनके परिवार को नई उम्मीद और संबल दिया है।

 

 

 

 

 

 

 

Shailendra Gupta

supersamarthankichitthi.in छत्तीसगढ़ आधारित न्यूज़ पोर्टल है, जो राजनीति, शिक्षा, खेल, मनोरंजन और स्थानीय खबरों की ताज़ा व विश्वसनीय जानकारी प्रदान करता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button