बिलासपुर, 11 मार्च 2026 । बिल्हा विकासखंड अंतर्गत प्राथमिक शाला धौराभाटा में विद्यालय के विकास में सहयोग देने वाले दानदाताओं के सम्मान में कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत संदीप अग्रवाल ने दानदाताओं को सम्मान पत्र भेंट कर उनका अभिनंदन किया और उनके योगदान की सराहना की।

कार्यक्रम में रायपुर के दिनेश साहू द्वारा विद्यालय को 12 स्टील कुर्सियां, 5 टेबल, 6 ग्रीन बोर्ड, एक बुक शेल्फ तथा 200 सेट बैग, स्वेटर, जूते, मोजे, टाई और बेल्ट प्रदान किए गए। वहीं बिल्हा के गौरव अग्रवाल द्वारा 200 बच्चों के लिए एग्जाम पैड, कॉपी और स्टेशनरी किट उपलब्ध कराई गई। पूर्व सरपंच धौराभाटा शिव यादव ने विद्यालय को 6 सीलिंग फैन प्रदान किए तथा विकासखंड बिल्हा के शिक्षक योगेश पांडेय ने विद्यालय को प्रोजेक्टर भेंट किया।

कार्यक्रम में संकुल प्राचार्य अजय नाथ ने स्वागत उद्बोधन दिया। विकासखंड शिक्षा अधिकारी भूपेन्द्र कौशिक ने संस्था के इस प्रयास की सराहना की। डॉ. अखिलेश तिवारी ने दानदाताओं का आभार व्यक्त करते हुए शिक्षकों के प्रयास को अनुकरणीय बताया। जिला शिक्षा अधिकारी विजय टांडे ने सामुदायिक सहभागिता की ऐसी पहल को अन्य विद्यालयों तक विस्तारित करने की बात कही। सरपंच जीवन यादव ने विद्यालय को हर संभव सहयोग देने का आश्वासन दिया।

मुख्य अतिथि संदीप अग्रवाल ने कहा कि जिले में कुछ ही विद्यालय इतने संसाधन सम्पन्न हैं। उन्होंने उपलब्ध संसाधनों का बेहतर उपयोग कर बच्चों की शैक्षिक प्रगति सुनिश्चित करने का आह्वान किया।

कार्यक्रम का संचालन एवं प्रधान पाठक प्रतिभा अवस्थी ने किया। उन्होंने विद्यालय के लिए संसाधन जुटाने में आई चुनौतियों की जानकारी दी तथा विद्यालय की आवश्यकताओं के संबंध में जिला पंचायत सीईओ को मांग पत्र सौंपा। इस अवसर पर बच्चों को एग्जाम पैड और स्टेशनरी वितरित की गई। विद्यार्थियों ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर सभी का मन मोह लिया।

कार्यक्रम को सफल बनाने में संस्था की शिक्षिकाएं विद्या नायर, सुमित्रा, शशि, रेखा, अंजना और सुप्रिया का विशेष सहयोग रहा।

 

Avatar photo

By Shailendra Gupta

supersamarthankichitthi.in छत्तीसगढ़ आधारित न्यूज़ पोर्टल है, जो राजनीति, शिक्षा, खेल, मनोरंजन और स्थानीय खबरों की ताज़ा व विश्वसनीय जानकारी प्रदान करता है।

You missed