बिलासपुरछत्तीसगढ़

राष्ट्रीय फाइलेरिया उन्मूलन कार्यक्रम: कोटा विकासखंड में सामूहिक दवा सेवन अभियान का शुभारंभ

बिलासपुर, 10 फरवरी ।राष्ट्रीय फाइलेरिया उन्मूलन कार्यक्रम के अंतर्गत आज विकासखंड कोटा में सामूहिक दवा सेवन (Mass Drug Administration – MDA) अभियान का औपचारिक शुभारंभ किया गया। इस अभियान के तहत कोटा विकासखंड की कुल 3,08,113 जनसंख्या को फाइलेरिया रोधी दवाओं का सेवन कराया गया। इसके लिए 550 दवा वितरण दलों का गठन किया गया है।

अभियान के प्रथम चरण में 10 फरवरी से 12 फरवरी तक स्कूलों एवं आंगनबाड़ी केंद्रों को बूथ बनाकर दवा सेवन कराया गया। इसके बाद 13 फरवरी से 22 फरवरी तक स्वास्थ्य विभाग की टीमें घर-घर जाकर लोगों को दवा खिलाएंगी। वहीं, छूटे हुए लोगों के लिए 23 फरवरी से 25 फरवरी तक मॉप-अप राउंड चलाया जाएगा। इसी क्रम में आज कोटा विकासखंड के सभी पीएचसी एवं सीएचसी में भी अभियान की शुरुआत की गई। विकासखंड स्तरीय मुख्य कार्यक्रम शासकीय कन्या हाई स्कूल, पुरानी बस्ती कोटा में संपन्न हुआ।

कार्यक्रम का शुभारंभ नगर पंचायत अध्यक्ष सरोज दुर्गेश साहू, विधायक प्रतिनिधि श्री प्रतीक त्रिवेदी एवं स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों द्वारा दीप प्रज्वलन कर किया गया। इस अवसर पर जनप्रतिनिधियों, विद्यालय की छात्राओं, शिक्षकों एवं स्वास्थ्य कर्मियों ने स्वयं फाइलेरिया रोधी दवाओं का सेवन कर आमजन को जागरूक होने का संदेश दिया।

स्वास्थ्य अधिकारियों ने बताया कि फाइलेरिया (हाथीपांव) एक गंभीर एवं लाइलाज बीमारी है, किंतु वर्ष में एक बार दवा का सेवन कर इससे पूरी तरह बचाव संभव है। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह दवा खाली पेट नहीं खानी चाहिए।कार्यक्रम में उपस्थित सभी लोगों ने फाइलेरिया मुक्त भारत के संकल्प के साथ अपने परिवार एवं आस-पड़ोस के लोगों को भी दवा सेवन कराने की शपथ ली।

खंड चिकित्सा अधिकारी डॉ. निखिलेश गुप्ता ने अपने संबोधन में कहा कि फाइलेरिया मच्छरों के काटने से फैलने वाला रोग है, जिसके लक्षण वर्षों बाद दिखाई देते हैं। ऐसे में बचाव ही इसका एकमात्र प्रभावी उपाय है। उन्होंने कहा कि कोटा विकासखंड के हर घर तक स्वास्थ्य विभाग की टीम पहुँचकर दवा वितरण सुनिश्चित करेगी।

इस अवसर पर नगर पंचायत अध्यक्ष सरोज दुर्गेश साहू, विधायक प्रतिनिधि प्रतीक त्रिवेदी, बीएमओ डॉ. निखिलेश गुप्ता, श्वेता सिंह बीपीएम, अतुल सिंह वीबीडीटीएस, विद्यालय की प्रधानाचार्य आशा दत्ता, स्कूल के शिक्षक शिक्षिकाएं व स्वास्थ्य विभाग का अमला , मितानिन कार्यकर्ता तथा बड़ी संख्या में छात्राएं उपस्थित रहीं।

 

 

Shailendra Gupta

supersamarthankichitthi.in छत्तीसगढ़ आधारित न्यूज़ पोर्टल है, जो राजनीति, शिक्षा, खेल, मनोरंजन और स्थानीय खबरों की ताज़ा व विश्वसनीय जानकारी प्रदान करता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button