कवर्धाकबीरधामछत्तीसगढ़

गर्मियों का समय निर्माण कार्यों के लिए अनुकूल, पूरी तेजी से हो काम – कलेक्टर गोपाल वर्मा

गर्मियों में पेयजल और बिजली की निर्बाध आपूर्ति के लिए अधिकारियों को जरूरी व्यवस्थाओं के निर्देश

कवर्धा, 10 मार्च 2026। सभी स्वीकृत निर्माण कार्य तत्काल प्रारंभ कराएं जाएं। जो कार्य फील्ड में चल रहे हैं उसकी गुणवत्ता की मॉनिटरिंग नियमित रूप से की जाए। मार्च से जून तक का यह समय निर्माण कार्यों के लिए उपयुक्त है, अतः सारे काम पूरी तेजी के साथ हों, यह बातें कलेक्टर गोपाल वर्मा ने कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में समय सीमा की बैठक में सभी निर्माण एजेंसीज के अधिकारियों से निर्माण कार्यों की समीक्षा बैठक के दौरान कही। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्यों की ठेकेदार से टाइमलाइन लें और उसी के अनुसार नियमित रूप से निरीक्षण और मॉनिटरिंग करें। कलेक्टर वर्मा ने सड़क, छात्रावास व अन्य भवनों, विद्युत सबस्टेशन के साथ अन्य निर्माण परियोजनाओं की समीक्षा की।

कलेक्टर वर्मा ने पीएम जनमन योजना की समीक्षा करते हुए विशेष पिछड़ी जनजाति परिवारों में आयुष्मान कार्ड बनाने के जो लक्ष्य मिले हैं उसे जल्द से जल्द पूरा करने के निर्देश दिए। इसके लिए उनके गांवों में जाकर कैंप लगाने के लिए निर्देशित किया। उन्होंने आयुष्मान योजना के तहत इलाज करने वाले अस्पतालों की भी नियमित जांच करने के लिए निर्देशित किया। जल शक्ति अभियान के तहत मोर गांव मोर पानी अभियान की समीक्षा के दौरान सभी संबंधित विभागों को जल स्त्रोतों की ऑनलाइन एंट्री करने के निर्देश दिए गए।

गर्मियों के मौसम को ध्यान रखते हुए कलेक्टर वर्मा ने पीएचई एवं सभी नगरीय निकाय के अधिकारियों को विशेष रूप से निर्देशित किया कि पेयजल आपूर्ति में किसी प्रकार की समस्या न हो। उन्होंने जहां भी हैडपंप बिगड़ने की समस्या आती है इसके लिए पीएचई विभाग तत्काल सुधार करने की तैयारी रखे। नगरीय निकायों में भी नियमित जलापूर्ति की व्यवस्था रखी जाए। उन्होंने प्रभावित क्षेत्रों के लिए वैकल्पिक स्त्रोतों को चिन्हित कर के रखने के लिए भी निर्देशित किया। इसी प्रकार विद्युत विभाग के अधिकारियों से कहा कि निर्बाध बिजलीआपूर्ति की व्यवस्था हो। जहां कहीं पेड़ों की छटनी या मेंटेनेंस की जरूरत हो वह कर लिया जाए। ताकि विद्युत आपूर्ति में अनावश्यक परेशानी न हो।

बैठक में कलेक्टर वर्मा ने कहा कि स्वास्थ्य विभाग द्वारा गर्भाशय के कैंसर से बचाव के लिए 14 वर्ष पूर्ण कर 15 वें वर्ष में प्रवेश कर चुकी बालिकाओं के लिए विशेष टीकाकरण अभियान प्रारंभ होने जा रहा है। इसके लिए स्कूलों और छात्रावासी बालिकाओं को यह टीके लगाए जाएंगे। कलेक्टर ने कहा कि इस टीकाकरण अभियान में अधिक से अधिक पात्र बच्चियों को लाभान्वित करने के लिए सर्व संबंधित विभाग आपसी समन्वय से काम करें। उन्होंने मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी को टीकाकरण के लिए सभी आवश्यक तैयारियां करने के लिए निर्देशित किया।

कलेक्टर वर्मा ने पीएम आवास और जनमन के तहत बनने वाले आवासों की समीक्षा करते हुए सभी सीईओ जनपदों को निर्देश दिए कि जो आवास अप्रारंभ हैं उन्हें तत्काल प्रारंभ कराएं। इसके लिए डोर स्टेप मॉनिटरिंग किया जाए। बैठक में राजस्व से जुड़े मामलों की भी विस्तार से समीक्षा की गई और सभी संबंधित राजस्व अधिकारियों को प्रकरणों के त्वरित निराकरण के लिए निर्देशित किया गया। बैठक में एडीएम विनय पोयाम, नरेन्द्र पैकरा, पंडरिया एसडीएम संदीप ठाकुर, कवर्धा, चेतन साहू, बोड़ला सागर सिंह, लोहारा शिल्पा देवांगन, डिप्टी कलेक्टर आरबी देवांगन, सुश्री रूचि शार्दुल सहित जिला अधिकारी उपस्थित थे।

 

 

 

 

 

 

Shailendra Gupta

supersamarthankichitthi.in छत्तीसगढ़ आधारित न्यूज़ पोर्टल है, जो राजनीति, शिक्षा, खेल, मनोरंजन और स्थानीय खबरों की ताज़ा व विश्वसनीय जानकारी प्रदान करता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button