बेमेतरा, 10 मार्च 2026 । कलेक्टर सुश्री प्रतिष्ठा ममगाईं ने जिला कार्यालय के सभाकक्ष में आयोजित समय-सीमा की बैठक में विभिन्न विभागों द्वारा संचालित योजनाओं एवं कार्यक्रमों के क्रियान्वयन की विस्तृत समीक्षा की। बैठक में जिला स्तरीय अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कलेक्टर ने कहा कि शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का प्रभावी एवं समयबद्ध क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए, ताकि आम नागरिकों को योजनाओं का अधिकतम लाभ मिल सके।

कलेक्टर ने अधिकारियों को स्पष्ट रूप से निर्देशित किया कि शासन की प्राथमिकता वाली योजनाओं की नियमित समीक्षा करें और कार्यों में किसी प्रकार की ढिलाई न बरतें। उन्होंने कहा कि योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी भी प्रकार की लापरवाही या उदासीनता बर्दाश्त नहीं की जाएगी तथा कार्य में शिथिलता पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

बैठक में कलेक्टर ने सभी विभाग प्रमुखों को अपने-अपने विभाग में संचालित महत्वाकांक्षी एवं जनहितकारी योजनाओं की प्रगति की नियमित समीक्षा करने तथा निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि योजनाओं के क्रियान्वयन की वास्तविक स्थिति जानने के लिए लाभार्थियों से फीडबैक भी लिया जाए तथा उनकी समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जाए।

कलेक्टर द्वारा बैठक में शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क निर्माण, जल संसाधन, कृषि, पंचायत एवं ग्रामीण विकास सहित अन्य विभागों की योजनाओं की विस्तार से समीक्षा की गई। इस दौरान योजनाओं के क्रियान्वयन में आ रही समस्याओं पर चर्चा करते हुए उनके समाधान के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए गए।

वित्तीय वर्ष समाप्ति के पूर्व विभागीय लक्ष्य पूर्ति सुनिश्चित करें

कलेक्टर सुश्री ममगाईं ने अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि वित्तीय वर्ष समाप्त होने में अब सीमित समय शेष है, इसलिए सभी विभाग अपने-अपने विभागीय लक्ष्यों की समय पर पूर्ति सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि सभी अधिकारी योजनाओं एवं परियोजनाओं की प्रगति की सतत समीक्षा करते हुए कार्यों को निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण कराने के लिए विशेष प्रयास करें।

उन्होंने विभाग प्रमुखों को निर्देशित किया कि वित्तीय वर्ष के अंत तक लंबित कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूर्ण करें और योजनाओं के लक्ष्य हासिल करने के लिए ठोस रणनीति बनाकर कार्य करें। कलेक्टर ने कहा कि शासन की योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन से ही विकास कार्यों को गति मिलेगी और आम नागरिकों को उसका लाभ प्राप्त होगा।

आधार आधारित उपस्थिति नियत समय पर सुनिश्चित करने के निर्देश

बैठक में कलेक्टर ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों की उपस्थिति व्यवस्था की भी समीक्षा की। उन्होंने निर्देशित किया कि सभी अधिकारी एवं कर्मचारी आधार आधारित बायोमेट्रिक प्रणाली के माध्यम से नियत समय पर अपनी उपस्थिति दर्ज कराना सुनिश्चित करें। कलेक्टर ने कहा कि कोई भी अधिकारी या कर्मचारी बिना अनुमति के अनुपस्थित न रहें तथा कार्यालयीन अनुशासन का पूर्णतः पालन करें। उन्होंने जिला स्तरीय अधिकारियों को निर्देश दिया कि वे अपने अनुभागों एवं अधीनस्थ कर्मचारियों की नियमित निगरानी रखें और उनकी समय पर उपस्थिति सुनिश्चित कराएं।

कलेक्टर ने कहा कि कार्यालयीन अनुशासन, समयबद्ध कार्यप्रणाली और योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन से ही प्रशासन की कार्यकुशलता बढ़ेगी तथा आम जनता को बेहतर सेवाएं प्रदान की जा सकेंगी। बैठक में जिला स्तरीय अधिकारी एवं विभिन्न विभागों के प्रमुख अधिकारी उपस्थित थे।

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

Avatar photo

By Shailendra Gupta

supersamarthankichitthi.in छत्तीसगढ़ आधारित न्यूज़ पोर्टल है, जो राजनीति, शिक्षा, खेल, मनोरंजन और स्थानीय खबरों की ताज़ा व विश्वसनीय जानकारी प्रदान करता है।

You missed