मुंगेली, 14 नवंबर 2025 । प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना मुंगेली जिले में आमजन के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन ला रही है। इस योजना के तहत नागरिक अब सौर ऊर्जा का उपयोग कर अपने घरों में रोशनी ला रहे हैं और बिजली बिलों से होने वाली आर्थिक परेशानी से मुक्ति पा रहे हैं। इसी कड़ी में महाराणा प्रताप वार्ड मुंगेली के बलीदास टंडन के घर की छत पर 03 किलोवाट रूफटॉप सोलर प्लांट सफलतापूर्वक इंस्टॉल किया गया, जिससे उनके घर की बिजली आवश्यकताओं की पूर्ति सौर ऊर्जा से होने लगी है।

सोलर प्लांट लगने से अब अतिरिक्त उत्पन्न बिजली ग्रिड में जाएगी और नेट मीटरिंग प्रणाली के माध्यम से इसका आर्थिक लाभ भी उन्हें प्राप्त होगा। टंडन ने बताया कि पहले हर माह उन्हें बिजली बिल का भारी खर्च उठाना पड़ता था, लेकिन अब सोलर प्लांट लगने के बाद महंगी बिजली बिल से मुक्ति मिल गई है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी तथा मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह योजना वास्तव में आम उपभोक्ताओं के जीवन में बड़ी राहत लेकर आई है।

गौरतलब है कि “पीएम सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना” के तहत 01 से 03 किलोवाट तक के रूफटॉप सोलर सिस्टम पर केन्द्र एवं राज्य शासन द्वारा 30 हजार से 01 लाख 08 हजार रुपए तक की सब्सिडी प्रदान की जाती है। ऑन-ग्रिड सिस्टम के माध्यम से अतिरिक्त बिजली सीधे ग्रिड को भेजी जाती है, जिससे बिजली बिल स्वतः कम होता है। साथ ही बैंक वित्त सुविधा और आसान किश्तों से आम नागरिक आसानी से इस योजना का लाभ उठा सकते हैं। इस योजना से स्वच्छ ऊर्जा, पर्यावरण संरक्षण, आर्थिक बचत और सतत विकास को बढ़ावा मिल रहा है।

 

 

 

 

 

 

Avatar photo

By Shailendra Gupta

supersamarthankichitthi.in छत्तीसगढ़ आधारित न्यूज़ पोर्टल है, जो राजनीति, शिक्षा, खेल, मनोरंजन और स्थानीय खबरों की ताज़ा व विश्वसनीय जानकारी प्रदान करता है।