मुंगेली, 22 मार्च 2026 ।  जल महोत्सव के अंतर्गत विश्व जल दिवस के अवसर पर विकासखंड मुंगेली के ग्राम पंचायत चारभाटा में व्यापक जनजागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य ग्रामीणों को जल संरक्षण, जल प्रबंधन तथा जल योजनाओं के प्रभावी संचालन एवं संधारण के प्रति जागरूक करना रहा। कलेक्टर कुन्दन कुमार के निर्देशन एवं लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के कार्यपालन अभियंता कमल प्रसाद कंवर के मार्गदर्शन में आयोजित इस कार्यक्रम में ग्रामीणों की उत्साहपूर्ण सहभागिता देखने को मिली।

कार्यक्रम के दौरान ट्रेनिंग कॉर्डिनेटर अमित श्रीवास ने ग्रामीणों को जल जीवन मिशन के तहत संचालन एवं संधारण निधि तथा जल कर संग्रहण की महत्ता पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि जल योजनाओं के सुचारु संचालन के लिए नियमित जल कर संग्रहण और उसका पारदर्शी उपयोग अत्यंत आवश्यक है। इस अवसर पर ग्राम जल एवं स्वच्छता समिति के सदस्यों के साथ जल महोत्सव के उद्देश्यों एवं विभिन्न गतिविधियों पर विस्तार से चर्चा की गई। समिति के सदस्यों को जल योजनाओं के बेहतर संचालन, रखरखाव तथा ग्राम स्तर पर जल प्रबंधन में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका से अवगत कराया गया।

साथ ही, पाइपलाइन में लीकेज की पहचान, समय पर सूचना देने एवं मरम्मत की प्रक्रिया की जानकारी भी साझा की गई, ताकि जल की अनावश्यक बर्बादी को रोका जा सके और सभी ग्रामीणों को नियमित रूप से स्वच्छ पेयजल उपलब्ध हो सके।

कार्यक्रम के अंत में ग्रामीणों को जल संरक्षण के महत्व से अवगत कराते हुए जल के सदुपयोग का संदेश दिया गया। ग्राम चारभाटा के सरपंच संजय राजपूत सहित बड़ी संख्या में उपस्थित ग्रामीणों ने जल संरक्षण एवं संवर्धन का संकल्प लिया।

 

 

 

 

 

 

 

Avatar photo

By Shailendra Gupta

supersamarthankichitthi.in छत्तीसगढ़ आधारित न्यूज़ पोर्टल है, जो राजनीति, शिक्षा, खेल, मनोरंजन और स्थानीय खबरों की ताज़ा व विश्वसनीय जानकारी प्रदान करता है।

You missed