मुंगेली, 12 अप्रैल 2026 । जिले के लोरमी क्षेत्र अंतर्गत वन परिक्षेत्र खुड़िया के ग्राम झरिया भुकूनाला में अवैध रेत उत्खनन की शिकायत पर कार्रवाई करने पहुंची वन विभाग की टीम पर रेत माफियाओं ने हमला कर दिया। इस घटना में 02 वनरक्षक घायल हुए एवं 02 को मामूली चोटें आई हैं। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर लिया है।

घटना की जानकारी मिलते ही कलेक्टर कुन्दन कुमार एवं वनमंडलाधिकारी अभिनव कुमार के निर्देशन में वन विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे और घायलों को तत्काल उपचार के लिए भेजा गया। सभी की स्थिति फिलहाल सामान्य बताई जा रही है।

डी एफ ओ अभिनव कुमार ने बताया कि जिले के वन परिक्षेत्र खुड़िया अंतर्गत ग्राम झरिया भुकूनाला में अवैध रेत उत्खनन की सूचना पर वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। गश्त के दौरान टीम ने देखा कि ट्रैक्टर के माध्यम से अवैध रूप से रेत का परिवहन किया जा रहा है। जब वन अमले ने ट्रैक्टर को जब्त करने की कार्रवाई शुरू की, तो चालक एवं उसके साथियों ने विरोध करते हुए वन टीम पर हमला कर दिया।इस हमले में परिसर रक्षक अभिषेक बर्मन, योगेश बरेठ, देवेंद्र बघेल सहित कुल 04 लोगों में से 02 घायल हुए एवं 02 को मामूली चोटें आई।

घटना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर लिया है और आगे की कार्रवाई जारी है। कलेक्टर कुन्दन कुमार ने मामले की सूक्ष्म जांच के निर्देश देते हुए कहा कि अवैध खनन एवं शासकीय कार्य में बाधा डालना गंभीर अपराध है। दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

 

 

 

 

 

 

 

Avatar photo

By Shailendra Gupta

supersamarthankichitthi.in छत्तीसगढ़ आधारित न्यूज़ पोर्टल है, जो राजनीति, शिक्षा, खेल, मनोरंजन और स्थानीय खबरों की ताज़ा व विश्वसनीय जानकारी प्रदान करता है।