कवर्धा, 10 जुलाई 2026 । भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (एफएसएसएआई) के ईट राइट इंडिया अभियान के अंतर्गत जिले में सुरक्षित एवं स्वच्छ खाद्य व्यवस्था को बढ़ावा देने के उद्देश्य से जिला अस्पताल कबीरधाम का ईट राइट कैंपस ऑडिट तथा जिले के पांच प्रमुख खाद्य प्रतिष्ठानों का हाइजीन रेटिंग ऑडिट किया गया। अभिहित अधिकारी (खाद्य सुरक्षा) के समन्वय में एफएसएसएआई द्वारा अधिकृत थर्ड पार्टी ऑडिटर एवं विभागीय अधिकारियों की उपस्थिति में जिला अस्पताल कबीरधाम का निरीक्षण किया गया। ऑडिट के दौरान अस्पताल की रसोई, भोजन निर्माण एवं वितरण व्यवस्था, खाद्य सामग्री का सुरक्षित भंडारण, पेयजल व्यवस्था, व्यक्तिगत स्वच्छता, साफ-सफाई, अपशिष्ट प्रबंधन, कीट नियंत्रण व्यवस्था तथा खाद्य सुरक्षा एवं स्वच्छता मानकों के अनुपालन का विस्तृत मूल्यांकन किया गया। निरीक्षण के दौरान निर्धारित मानकों के अनुरूप आवश्यक सुधारात्मक सुझाव भी दिए गए।

इसके साथ ही जिले के पांच प्रमुख खाद्य प्रतिष्ठानों का भी हाइजीन रेटिंग ऑडिट किया गया। इनमें श्रीधर चैधरी स्वीट्स एकता चैक, कवर्धा, डोमिनोज पिज्जा रायपुर रोड, कवर्धा, नटराज होटल एंड एडवेंचर रिसॉर्ट्स (चिल्फी), गरुड़ा इन चिल्फी, बोड़ला तथा जोहार एथनिक रिसॉर्ट सरोधा दादर, चिल्फी शामिल हैं। ऑडिट के दौरान इन प्रतिष्ठानों में रसोई की स्वच्छता, खाद्य पदार्थों का सुरक्षित भंडारण, कच्चे एवं पके खाद्य पदार्थों का पृथक्करण, तापमान नियंत्रण, खाद्य हैंडलर्स की व्यक्तिगत स्वच्छता, मेडिकल फिटनेस, खाद्य सुरक्षा प्रशिक्षण, अपशिष्ट प्रबंधन, कीट नियंत्रण व्यवस्था तथा एफएसएसएआई के दिशा-निर्देशों के अनुपालन का विस्तृत परीक्षण किया गया। साथ ही खाद्य कारोबारियों एवं कर्मचारियों को सुरक्षित एवं स्वच्छ भोजन उपलब्ध कराने के लिए आवश्यक तकनीकी मार्गदर्शन एवं सुधारात्मक सुझाव भी प्रदान किए गए।

अभियान के दौरान खाद्य सुरक्षा एवं स्वच्छता संबंधी जागरूकता सामग्री का वितरण किया गया तथा खाद्य कारोबारियों को स्वच्छ परिसर, सुरक्षित भोजन और स्वस्थ उपभोक्ता की अवधारणा को अपनाने के लिए प्रेरित किया गया। खाद्य सुरक्षा विभाग ने बताया कि ईट राइट इंडिया अभियान का उद्देश्य केवल निरीक्षण एवं मूल्यांकन तक सीमित नहीं है, बल्कि खाद्य कारोबारियों में खाद्य सुरक्षा के प्रति उत्तरदायित्व की भावना विकसित करना तथा आम नागरिकों को सुरक्षित, पौष्टिक एवं गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध कराना है। विभाग द्वारा जिले के अस्पतालों, होटलों, रेस्टोरेंटों, शैक्षणिक संस्थानों एवं अन्य सार्वजनिक भोजनालयों में इस प्रकार के ऑडिट एवं जनजागरूकता कार्यक्रम निरंतर आयोजित किए जाते रहेंगे।

 

 

 

Avatar photo

By Shailendra Gupta

supersamarthankichitthi.in छत्तीसगढ़ आधारित न्यूज़ पोर्टल है, जो राजनीति, शिक्षा, खेल, मनोरंजन और स्थानीय खबरों की ताज़ा व विश्वसनीय जानकारी प्रदान करता है।

You missed