मुंगेली। विकासखंड पथरिया-सरगांव स्थित मदकूदीप में हरिहर क्षेत्र मदकू द्वीप क्षेत्र के विकास के शिल्पी एवं समाजसेवी शांताराम जी के निधन पर श्रद्धांजलि देने केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू, उपमुख्यमंत्री अरुण साव सहित अन्य मंत्री एवं जनप्रतिनिधि पहुँचे और भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान मंत्रियों ने कहा कि 94 वर्षीय शांताराम जी का निधन रायपुर में हुआ। भारतीय स्टेट बैंक में प्रबंधक के पद पर रहते हुए उन्होंने सुविधाएँ और प्रतिष्ठा का त्याग कर हिंदू समाज के उत्थान हेतु राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के पूर्णकालिक कार्यकर्ता बनने का संकल्प लिया। संघ में रहते हुए वे जिला, विभाग, प्रांत प्रचारक और क्षेत्र सम्पर्क प्रमुख जैसे महत्वपूर्ण दायित्वों पर कार्यरत रहे। वर्ष 1990 से उन्होंने हरिहर क्षेत्र मदकू द्वीप को पुनः स्थापित एवं विकसित करने का मिशन अपनाया। उनके अथक प्रयासों से यह क्षेत्र धार्मिक और सांस्कृतिक दृष्टि से पुनर्जीवित हुआ तथा श्रद्धालुओं और शोधकर्ताओं का प्रमुख केंद्र बना।मदकू के साथ ही उन्होंने बैतलपुर की कुष्ठ बस्ती चंदरपुर में शिव मंदिर निर्माण, चिकित्सा सेवाएँ और सामाजिक कार्यों के साथ-साथ नवागढ़ के शमी गणेश मंदिर के पुनर्निर्माण में भी योगदान दिया। सेवा और संगठन से ओतप्रोत उनका जीवन अनेक कार्यकर्ताओं के लिए प्रेरणास्रोत रहा।

उनकी अंतिम इच्छा के अनुसार आज प्रातः 08 से 10 बजे तक उनका पार्थिव शरीर रायपुर स्थित जागृति मंडल में अंतिम दर्शन हेतु रखा गया। तत्पश्चात मध्याह्न 01 बजे हरिहर क्षेत्र मदकू में उनका अंतिम संस्कार किया गया। शांताराम जी का निधन न केवल मदकू द्वीप के लिए बल्कि पूरे समाज के लिए अपूरणीय क्षति है। उनकी स्मृतियाँ और आदर्श भावी पीढ़ियों को सदैव प्रेरणा देते रहेंगे।

श्रद्धांजलि कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री राम विचार नेताम, दयालदास बघेल, खुशवंत गुरु, राजेश अग्रवाल, छ.ग. वक्फ बोर्ड के अध्यक्ष डॉक्टर सलीम राज, बिल्हा विधायक धरमलाल कौशिक, गौरी शंकर अग्रवाल रमेश बैस, पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी प्रभाकर पांडेय, अखिलेश सोनी, भूपेंद्र सवन्नी, शिवरतन शर्मा, प्रहलाद रजक, चंद्रहास चंद्राकर, राम नारायण सिन्हा, प्रफुल्ल विश्वकर्मा सहित अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।

 

 

 

 

Avatar photo

By Shailendra Gupta

supersamarthankichitthi.in छत्तीसगढ़ आधारित न्यूज़ पोर्टल है, जो राजनीति, शिक्षा, खेल, मनोरंजन और स्थानीय खबरों की ताज़ा व विश्वसनीय जानकारी प्रदान करता है।