मुंगेली, 12 फरवरी 2026 । कलेक्टर कुन्दन कुमार ने विकासखण्ड पथरिया स्थित शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय सिलतरा और डी.ए.वी. मुख्यमंत्री पब्लिक स्कूल जरेली पहुंचकर आधार पंजीयन एवं बायोमैट्रिक अपडेट कार्य का निरीक्षण किया तथा व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने पंजीयन प्रक्रिया की प्रगति की जानकारी लेते हुए संबंधित अधिकारियों को कार्य शीघ्र एवं सुव्यवस्थित ढंग से पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने आधार अपडेट के फायदे बताते हुए कहा कि इससे डिजिलॉकर में दस्तावेज सुरक्षित रखना आसान होगा तथा छात्रवृत्ति सहित विभिन्न योजनाओं का लाभ विद्यार्थियों को आसानी से मिल सकेगा। कलेक्टर ने अधिकारियों को विद्यालय में शत-प्रतिशत आधार पंजीयन एवं अपडेट सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इस दौरान उन्होंने प्री-बोर्ड परीक्षा परिणाम की जानकारी ली तथा प्राचार्य को विद्यार्थियों की शैक्षणिक गुणवत्ता और बेहतर बनाने के साथ ही कमजोर विद्यार्थियों के लिए स्पेशल क्लास संचालित कर बेहतर तैयारी सुनिश्चित करने निर्देशित किया।

कलेक्टर ने विद्यार्थियों से संवाद कर उनकी शैक्षणिक प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने विशेष रूप से कक्षा 12वीं के विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि 12वीं बोर्ड परीक्षा जीवन का एक महत्वपूर्ण पड़ाव है, जो उज्ज्वल भविष्य की दिशा तय करता है। कलेक्टर ने कहा कि जीवन में सफलता का एकमात्र मार्ग निरंतर परिश्रम और समर्पित अध्ययन है। उन्होंने मोबाइल के अनावश्यक उपयोग और सोशल मीडिया रील्स से दूर रहने की सलाह देते हुए कहा कि परीक्षा की तैयारी के दौरान समय का सदुपयोग अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने विद्यार्थियों से 90 प्रतिशत से अधिक अंक अर्जित करने का लक्ष्य निर्धारित करने और उसे प्राप्त करने के लिए कड़ी मेहनत एवं लगन से अध्ययन करने के लिए प्रेरित किया। इस दौरान जिला पंचायत सीईओ प्रभाकर पाण्डेय ने भी बच्चों को परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने प्रोत्साहित किया।

कलेक्टर ने कक्षा 9वीं के विद्यार्थियों से भी संवाद करते हुए परीक्षा परिणाम की जानकारी ली। उन्होंने सर्वाधिक अंक प्राप्त करने वाले सिलतरा विद्यालय के छात्र हिमेश से विशेष चर्चा की और अन्य विद्यार्थियों को उससे प्रेरणा लेने की बात कही। उन्होंने सामान्य ज्ञान से जुड़े प्रश्न पूछते हुए प्रदेश के राज्यपाल एवं मुंगेली के प्रथम कलेक्टर के नाम भी विद्यार्थियों से पूछे, जिससे बच्चों में जागरूकता और आत्मविश्वास का संचार हुआ। साथ ही जरेली स्कूल के बच्चों से उनके भविष्य के लक्ष्य पर चर्चा की। कक्षा 9वीं की छात्रा दुर्गा ने बताया कि वह डॉक्टर बनना चाहती है। वहीं कक्षा 5वीं के छात्र कुणाल से भी कलेक्टर ने बातचीत कर उसके लक्ष्य के बारे में जानकारी ली। छात्रा कु. विद्या से चर्चा के दौरान कलेक्टर ने अपने जीवन संघर्ष साझा करते हुए कहा कि पढ़ाई ही उज्ज्वल भविष्य की कुंजी है और शिक्षा के माध्यम से ही बड़े सपने साकार किए जा सकते हैं। उन्होंने कहा कि बड़े सपने देखने के साथ उन्हें पूरा करने की जिद भी जरूरी है। सपनों की उड़ान के लिए दृढ़ संकल्प और सतत प्रयास अनिवार्य है। इस दौरान संबंधित अधिकारी और विद्यालय के शिक्षकगण उपस्थित रहे।

04 हजार से अधिक हुआ बायोमेट्रिक अपडेट व नया आधार कार्ड पंजीयन

बता दें कि मुख्य सचिव विकासशील द्वारा वीसी के माध्यम से जिले में आधार सेचुरेशन के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए हैं। इसके परिपालन में 05 से 15 वर्ष के बच्चों के आधार कार्ड बनाने के लिए 19 फरवरी तक जिले के चिन्हांकित स्कूलों में ‘मोर आधार मोर पहचान’ अभियान के अंतर्गत बायोमेट्रिक अद्यतन व नया आधार पंजीयन कैंप लगाया जा रहा है। कैंप के माध्यम से शासकीय एवं निजी विद्यालयों में अध्ययनरत 05 वर्ष से 15 वर्ष के ऐसे बच्चों, जिनका आधार कार्ड नहीं बना है अथवा जिनका बायोमेट्रिक अपडेट लंबित है, उनके लिए विद्यालय स्तर पर आधार पंजीयन कर कार्ड बनाया जा रहा है। ईडीएम चिप्स सोनम तिवारी ने बताया कि अब तक 04 हजार से अधिक बच्चों के बायोमेट्रिक अपडेट और आधार कार्ड पंजीयन किए जा चुके हैं। उन्होंने बताया कि जिले में लगभग 40 हजार नए आधार कार्ड निर्माण एवं 30 हजार बायोमेट्रिक अद्यतन का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।

 

 

 

 

 

 

 

 

Avatar photo

By Shailendra Gupta

supersamarthankichitthi.in छत्तीसगढ़ आधारित न्यूज़ पोर्टल है, जो राजनीति, शिक्षा, खेल, मनोरंजन और स्थानीय खबरों की ताज़ा व विश्वसनीय जानकारी प्रदान करता है।

You missed