छत्तीसगढ़बेमेतरा

जिला स्तरीय नई चेतना जेंडर कैंपेन का बेमेतरा में शुभारंभ

बेमेतरा, 03 दिसंबर 2025 । महिलाओं एवं बच्चों के सम्मान, सुरक्षा और अधिकारों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से आज जिला पंचायत सभा कक्ष, बेमेतरा में जिला स्तरीय नई चेतना जेंडर कैंपेन का औपचारिक शुभारंभ किया गया। यह कार्यक्रम महिला एवं बाल विकास विभाग के नेतृत्व में आयोजित किया गया, जिसमें विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं जेंडर संवेदनशीलता से जुड़े प्रतिनिधि बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। कार्यक्रम में महिला एवं बाल विकास विभाग, नेशनल लोक अदालत, स्वास्थ्य विभाग, जिला पंचायत के अधिकारी, तथा सभी क्लस्टरों से आए जेंडर बीआरपी शामिल हुए। सभी प्रतिभागियों ने संयुक्त रूप से लैंगिक समानता, महिलाओं की सुरक्षा, समाज में सकारात्मक परिवर्तन तथा जेंडर आधारित भेदभाव को समाप्त करने की दिशा में अपने विचार प्रस्तुत किए।

इस दौरान महिला एवं बाल विकास विभाग के विशेषज्ञों द्वारा महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई। इसमें सखी वन स्टॉप सेंटर की सेवाएं, घरेलू हिंसा से संबंधित कानून, जेंडर गैप तथा उसके सामाजिक प्रभाव, नारी निकेतन की भूमिका, महिला हेल्पलाइन 181, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098, हिंसा की स्थिति में महिलाओं को मिलने वाली कानूनी सहायता

जैसे विषय शामिल रहे। महिलाओं और बच्चों को मिलने वाले अधिकारों, संरक्षण तंत्र एवं सरकारी सहायता योजनाओं पर विशेष जोर दिया गया। अधिकारियों ने कहा कि नई चेतना जेंडर कैंपेन का उद्देश्य समाज में सकारात्मक सोच विकसित करना, महिलाओं के प्रति होने वाले किसी भी प्रकार के भेदभाव, हिंसा एवं अन्याय के विरुद्ध आवाज उठाना और समुदाय को संवेदनशील बनाना है।

यह कैंपेन 25 नवंबर से प्रारंभ होकर 23 दिसंबर 2025 तक चलेगा। इस अवधि में ब्लॉक स्तर, क्लस्टर स्तर और ग्राम पंचायत स्तर पर अलग-अलग विषयों पर आधारित साप्ताहिक गतिविधियों, जागरूकता कार्यक्रमों, चर्चाओं, रैलियों एवं कार्यशालाओं के माध्यम से अभियान को जन-जन तक पहुंचाया जाएगा, ताकि समाज में बराबरी, सुरक्षा और सम्मान की भावना मजबूत हो सके। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित अधिकारियों ने सामूहिक रूप से यह संकल्प लिया कि जिले के प्रत्येक महिला, बच्चा और नागरिक इस अभियान के माध्यम से जागरूक होकर अपने अधिकारों को समझेगा और जेंडर समानता की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बढ़ाएगा।

 

 

Shailendra Gupta

supersamarthankichitthi.in छत्तीसगढ़ आधारित न्यूज़ पोर्टल है, जो राजनीति, शिक्षा, खेल, मनोरंजन और स्थानीय खबरों की ताज़ा व विश्वसनीय जानकारी प्रदान करता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button