
बेमेतरा, 8 मई 2025/ मोटर यान अधिनियम, 1988 के तहत सभी वाहनों में हाई सिक्योरिटी रजिस्ट्रेशन प्लेट (HSRP) लगाना अनिवार्य किया गया है। नवीन पंजीकृत वाहनों में यह प्लेट स्वचालित रूप से लगती है, वहीं परिवहन विभाग छत्तीसगढ़ द्वारा 1 अप्रैल 2019 से पूर्व पंजीकृत समस्त वाहनों में भी HSRP लगाना अनिवार्य कर दिया गया है।
इसी क्रम में जिला परिवहन विभाग, बेमेतरा द्वाराकल 9 मई 2025 को संयुक्त कलेक्टोरेट भवन, बेमेतरा में पूर्वाह्न 11 बजे से विशेष शिविर का आयोजन किया जा रहा है। यह शिविर जिले में पंजीकृत (CG25) वाहनों के लिए आयोजित है, जिसमें वाहन स्वामी अपने वाहन के लिए ऑनलाइन आवेदन कर HSRP के लिए निर्धारित शुल्क जमा कर सकते हैं।
जिला परिवहन अधिकारी ने कलेक्टोरेट भवन के समस्त विभागीय कर्मचारियों एवं जिले के आम नागरिकों से अपील की है कि वे इस शिविर में अधिकाधिक संख्या में उपस्थित होकर इस सुविधा का लाभ उठाएं।
आवेदन के लिए वाहन पंजीयन क्रमांक के साथ पोर्टल में लिंक्ड मोबाइल नंबर अनिवार्य है, जिस पर OTP भेजा जाएगा। यदि किसी वाहन स्वामी को लिंक्ड मोबाइल नंबर ज्ञात नहीं है या बदलना है, तो वे जिला परिवहन कार्यालय, बेमेतरा में आवेदन कर सकते हैं। इसके लिए कार्यालय द्वारा व्हाट्सएप नंबर 9826196593 जारी किया गया है। आवेदक कार्यालय दिवसों में सुबह 10.30 बजे से शाम 4 बजे के मध्य व्हाट्सएप पर जिला परिवहन अधिकारी के नाम आवेदन पत्र, आधार कार्ड की स्वप्रमाणित प्रति एवं वाहन की आरसी बुक की स्वप्रमाणित प्रति एक पीडीएफ फाइल में भेजकर मोबाइल नंबर अपडेट करा सकते हैं।




