कवर्धाकबीरधामछत्तीसगढ़

निर्माण कार्यों में गुणवत्ता से नहीं चलेगा समझौता– कलेक्टर गोपाल वर्मा

सुदूर वनांचल के निरीक्षण में पहुंचे कलेक्टर ने कोर कटिंग करवा कर परखी सड़क निर्माण की गुणवत्ता

कवर्धा, 2 अप्रैल 2026 । जिले के सुदूर वनांचल क्षेत्रों में निर्माण कार्यों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से कलेक्टर गोपाल वर्मा जमीनी स्तर पर निरीक्षण कर रहे हैं। इसी क्रम में बोड़ला विकासखंड के ग्राम खडोदखुर्द, दलदली और तरेगांव पहुंचे, जहां उन्होंने सड़क निर्माण कार्यों का बारीकी से जायजा लिया।

ग्राम खडोदखुर्द में मंडी बोर्ड द्वारा निर्मित सड़क तथा तरेगांव दलदली क्षेत्र में मेन रोड दुर्जनपुर-इंदिरापानी से घाटमुंडा और मेन रोड से धारपथरा तक प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत बनाए गए सड़कों की गुणवत्ता जांचने कलेक्टर स्वयं मौके पर पहुंचे। उन्होंने निर्माण स्थल पर उपस्थित अधिकारियों एवं तकनीकी अमले से कार्य की प्रगति और गुणवत्ता के संबंध में विस्तृत जानकारी ली। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर वर्मा ने सड़क की गुणवत्ता की जांच के लिए मशीन के माध्यम से कोर कटिंग कराई। इसके जरिए सड़क की मोटाई और निर्माण में उपयोग किए गए मटेरियल की मजबूती का परीक्षण किया गया। जांच में सड़क निर्माण कार्य निर्धारित मापदंडों के अनुरूप पाया गया। वही प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के अंतर्गत बन रहे सड़कों का गुणवत्ता पूर्ण निर्माण करने के निर्देश दिए।

कलेक्टर वर्मा ने संबंधित विभाग के अधिकारियों को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि जिले में कहीं भी निर्माण कार्यों की गुणवत्ता से समझौता नहीं चलेगा। उन्होंने विशेष रूप से दूरस्थ और वनांचल क्षेत्रों में बनने वाली सड़कों की गुणवत्ता पर जोर देते हुए कहा कि यह ग्रामीणों के आवागमन और विकास के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने निर्देशित किया कि निर्माण कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग की जाए और समय-समय पर तकनीकी परीक्षण सुनिश्चित किया जाए। किसी भी प्रकार की लापरवाही पाए जाने पर संबंधित जिम्मेदार के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। निरीक्षण के दौरान जिला पंचायत सीईओ अभिषेक अग्रवाल, डिप्टी कलेक्टर आर बी देवांगन, अधीक्षक भू अभिलेख गजेंद्र साहू, जनपद सीईओ बोड़ला आकाश राजपूत, तहसीलदार हुलेश्वर पटेल सहित संबंधित विभाग के अधिकारी एवं तकनीकी कर्मचारी उपस्थित रहे।

कलेक्टर ने दुर्जनपुर में चेकडैम का किया निरीक्षण

जिले के सुदूर वनांचल क्षेत्र ग्राम दुर्जनपुर में कलेक्टर गोपाल वर्मा ने 19 लाख रुपए की लागत से निर्मित चेकडैम का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने निर्माण कार्य की गुणवत्ता एवं उपयोगिता का जायजा लिया। अधिकारियों द्वारा जानकारी दी गई कि इस चेकडैम के निर्माण से लगभग 15 से 17 हेक्टेयर क्षेत्र में सिंचाई और निस्तारी की सुविधा उपलब्ध होगी, जिससे क्षेत्र के किसानों को काफी लाभ मिलेगा और कृषि गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा। कलेक्टर वर्मा ने निर्माण कार्य की गुणवत्ता देखते हुए संबंधित अधिकारियों को इसके बेहतर रखरखाव और प्रभावी उपयोग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

 

 

 

 

 

 

 

Shailendra Gupta

supersamarthankichitthi.in छत्तीसगढ़ आधारित न्यूज़ पोर्टल है, जो राजनीति, शिक्षा, खेल, मनोरंजन और स्थानीय खबरों की ताज़ा व विश्वसनीय जानकारी प्रदान करता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button