पथरिया – पुल गौठान बन गया है | जी हाँ पूर्व का वाक्य पढ़ने में विचित्र एवं अटपटा लग रहा है लेकिन है यह शत प्रतिशत सही |
हम बात कर रहे हैं एक ऐसे पुल के बारे में जहाँ गायें ऐसे खड़ी रहती हैं जैसे वो एक गौठान हो | यह पुराना पुल नगर पथरिया में है | सबसे पहले हम आपको यह बता दे कि यह नगर जिला मुंगेली के अंतर्गत आता है और अपने जिला मुख्यालय मुंगेली से लगभग 25 किलोमीटर की दूरी पर स्थित है | इसे नगर पंचायत का दर्जा प्राप्त है |
इस पुल को आगर नदी में बनाया गया है साथ ही यह पुल नगर पथरिया को ग्राम बरछा से जोड़ता है | स्थानीय निवासी इसे तखतपुर मार्ग कहते हैं |
जब हमने स्थानीय व्यक्ति से जानकारी जुटाई तो ये बात सामने आई कि इस पुल में कई बार दुर्घटना हो चुकी है | ये दुर्घटनाएं कभी पशु से टकराकर हुई है तो कभी पशु की उपस्थिती की वजह से पुल में जगह की कमी होने के कारण |
गायों को राजनीति का एक विषय बनाने वालों की नजर यहाँ क्यों नही पडती ? इन गायो को सुरक्षित स्थानों में क्यों नही रखा जाता ? ये सभी अभी अनुत्तरित सवाल हैं | आने जाने वाले राहगीरों को परेशानियों का सामना करना पड़ता है और दुर्घटना से जन धन की हानि होती है सो अलग |






