कवर्धा, 17 नवंबर 2025। कलेक्टर गोपाल वर्मा जिले में धान उपार्जन व्यवस्था को और अधिक पारदर्शी एवं प्रभावी बनाने के उद्देश्य से आज ग्राम कोठार स्थित धान खरीदी केंद्र का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने न केवल केंद्र की समस्त व्यवस्थाओं का विस्तृत अवलोकन किया, बल्कि किसानों से सीधे संवाद स्थापित कर खरीदी प्रक्रिया की वास्तविक स्थिति जानी। कलेक्टर वर्मा ने किसानों से टोकन वितरण, बारदाना उपलब्धता, परिवहन व्यवस्था और धान की गुणवत्ता परीक्षण सहित अन्य व्यवस्था की जानकारी ली। उन्होंने उपस्थित अधिकारियों को निर्देशित किया कि किसानों को किसी भी प्रकार की दिक्कत न हो और खरीदी प्रक्रिया निर्धारित समय-सीमा एवं नियमों के अनुसार ही संचालित हो।

निरीक्षण के दौरान कलेक्टर वर्मा स्वयं किसानों के साथ खड़े होकर धान की तुलाई में शामिल हुए और नाप-तौल की मशीनों की सटीकता की भी जाँच की। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार किसानों से समर्थन मूल्य पर पारदर्शी, समयबद्ध और सुचारु खरीदी सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि खरीदी कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। कलेक्टर ने बताया कि जिले के सभी धान उपार्जन केंद्रों में खरीदी की शुरुआत सुचारु रूप से हो चुकी है। किसान अपने धान का विक्रय बिना किसी बाधा के कर रहे हैं। उन्होंने जानकारी दी कि आज जिले के 65 धान खरीदी केंद्रों में टोकन जारी किए जा चुके हैं और सभी पंजीकृत किसानों का धान समर्थन मूल्य पर खरीदा जाएगा।

कलेक्टर वर्मा ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि टोकन जारी करने से लेकर तुलाई और भंडारण तक, प्रत्येक चरण में पारदर्शिता और शुद्धता सुनिश्चित की जाए। खरीदी केंद्रों में पीने का पानी, छाया, बैठने की व्यवस्था और सुरक्षा से संबंधित सुविधाएँ बेहतर ढंग से उपलब्ध कराई जाएँ, ताकि किसानों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। उन्होंने परिवहन व्यवस्था को भी मजबूत रखने के निर्देश दिए, ताकि खरीदे गए धान का शीघ्र परिवहन गोदामों तक सुनिश्चित हो सके। कलेक्टर ने उपस्थित किसानों को आश्वस्त किया कि शासन-प्रशासन किसानों के हित में सभी आवश्यक कदम उठा रहा है और जिले में धान खरीदी प्रक्रिया को और अधिक सरल, सुरक्षित और पारदर्शी बनाया जाएगा।

 

 

 

 

Avatar photo

By Shailendra Gupta

supersamarthankichitthi.in छत्तीसगढ़ आधारित न्यूज़ पोर्टल है, जो राजनीति, शिक्षा, खेल, मनोरंजन और स्थानीय खबरों की ताज़ा व विश्वसनीय जानकारी प्रदान करता है।