मुंगेली, 22 जनवरी 2026 । शासन के निर्देशानुसार तथा कलेक्टर कुन्दन कुमार के कुशल मार्गदर्शन में जिले में खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 के अंतर्गत धान खरीदी कार्य पूरी तरह सुव्यवस्थित, पारदर्शी एवं किसान-हितैषी तरीके से जारी है। जिले की 66 प्राथमिक समितियों के 105 उपार्जन केंद्रों में निर्धारित समय-सारणी के अनुसार समर्थन मूल्य पर धान खरीदी सुचारू रूप से की जा रही है। किसानों की सुविधा हेतु सभी केंद्रों में टोकन प्रणाली, स्पष्ट जांच व्यवस्था, इलेक्ट्रॉनिक तौल मशीनें, छाया, पेयजल एवं बैठने की सुविधा उपलब्ध कराई गई है, जिससे खरीदी प्रक्रिया तनावमुक्त और कतारमुक्त बन गई है।

भटगॉव उपार्जन केन्द्र में धान विक्रय करने आए किसान तुलाराम साहू ने बताया कि उन्होंने 33 क्विंटल से अधिक धान का विक्रय उपार्जन केंद्र में किया है। इस बार खरीदी केंद्रों में व्यवस्था और भी सुगम, सरल एवं पारदर्शी है, जिससे किसानों को काफी सुविधा मिल रही है। साहू ने कहा कि टोकन प्रणाली से अब किसानों को घंटों लाइन में नहीं लगना पड़ता तथा इलेक्ट्रॉनिक तौल मशीन से तौल सटीक और निष्पक्ष होती है। उन्होंने खुशी व्यक्त करते हुए बताया कि पिछले वर्ष की तरह इस वर्ष भी प्रति एकड़ 21 क्विंटल धान खरीदी तथा 3100 रूपए प्रति क्विंटल का लाभ मिलने से किसानों को आर्थिक मजबूती मिली है। साहू ने कहा कि शासन एवं जिला प्रशासन की किसान-हितैषी नीतियों से किसानों का प्रशासन पर विश्वास और मजबूत हुआ है। उन्होंने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय तथा जिला प्रशासन को किसानों के हित में बेहतर व्यवस्था उपलब्ध कराने के लिए धन्यवाद दिया।

 

 

 

 

 

 

 

Avatar photo

By Shailendra Gupta

supersamarthankichitthi.in छत्तीसगढ़ आधारित न्यूज़ पोर्टल है, जो राजनीति, शिक्षा, खेल, मनोरंजन और स्थानीय खबरों की ताज़ा व विश्वसनीय जानकारी प्रदान करता है।