जांजगीर-चांपा, 03 फरवरी 2026 । कलेक्टर जन्मेजय महोबे की अध्यक्षता में कलेक्टोरेट सभाकक्ष में जिले में 09 से 18 फरवरी तक आयोजित होने वाले “वजन त्यौहार” की तैयारियों को लेकर बैठक आयोजित की गई। कलेक्टर ने सभी अनुविभागीय अधिकारियों को अपने-अपने अनुभाग अंतर्गत परियोजनाओं को जोन एवं क्लस्टर में विभाजित कर जोनल अधिकारी नियुक्त करें तथा क्लस्टर वार वजन की तिथि निर्धारित करने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों को वजन त्यौहार के आयोजन को लेकर आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

जिला कार्यक्रम अधिकारी अनिता अग्रवाल ने बताया कि जिले में 09 फरवरी से 18 फरवरी 2026 तक 0 से 6 वर्ष आयु वर्ग के सभी बच्चों का वजन किया जाएगा। इसके लिए विकासखंड स्तर पर अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) के मार्गदर्शन में परियोजना अधिकारियों द्वारा माइक्रो प्लान तैयार किया जा रहा है। प्रतिदिन 3 से 5 आंगनबाड़ी केंद्रों में वजन किया जाएगा। उन्होंने बताया कि प्रत्येक ग्राम के लिए एक नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है। इसके साथ ही किशोरी बालिकाओं का हीमोग्लोबिन परीक्षण भी किया जाएगा, जिसके लिए महिला एवं बाल विकास विभाग एवं स्वास्थ्य विभाग द्वारा संयुक्त कार्ययोजना बनाई गई है। वजन त्यौहार के प्रचार-प्रसार हेतु आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं द्वारा दीवार लेखन भी करने के निर्देश दिए गए हैं। बैठक में जिला पंचायत सीईओ गोकुल रावटे, अपर कलेक्टर ज्ञानेन्द्र सिंह ठाकुर, संयुक्त कलेक्टर संदीप सिंह ठाकुर, संयुक्त कलेक्टर स्निग्धा तिवारी सहित संबंधित अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित थे।

 

Avatar photo

By Shailendra Gupta

supersamarthankichitthi.in छत्तीसगढ़ आधारित न्यूज़ पोर्टल है, जो राजनीति, शिक्षा, खेल, मनोरंजन और स्थानीय खबरों की ताज़ा व विश्वसनीय जानकारी प्रदान करता है।