मुंगेलीछत्तीसगढ़

ग्रीष्म ऋतु से पूर्व जल उपलब्धता सुनिश्चित करने बनाएं कार्ययोजना: कलेक्टर

जल संरक्षण पर दिया जोर, ट्यूबवेल से तालाब भरने और ग्रीष्मकालीन धान को हतोत्साहित करने के निर्देश

मुंगेली, 20 फरवरी 2026।  कलेक्टर कुन्दन कुमार ने आज जिला कलेक्टोरेट स्थित मनियारी सभाकक्ष में जिला जल एवं स्वच्छता मिशन की समीक्षा बैठक लेकर ग्रीष्म ऋतु से पूर्व जिले में पर्याप्त पेयजल उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने जल संरक्षण एवं संवर्धन पर विशेष जोर देते हुए कहा कि गर्मी में निस्तार एवं पेयजल संकट की स्थिति उत्पन्न होती है, इसलिए अभी से ठोस कार्ययोजना बनाकर प्रभावी क्रियान्वयन किया जाए। कलेक्टर ने स्पष्ट निर्देश दिए कि किसानों को बोर के माध्यम से तालाब भरने की अनुमति न दी जाए तथा ग्रीष्मकालीन धान फसल को हतोत्साहित किया जाए, ताकि भूजल का संरक्षण हो सके। उन्होंने ब्लॉकवार जल समस्या वाले गांवों का चिन्हांकन कर वैकल्पिक व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा गर्मियों में एनीकट को बंद करने के लिए भी निर्देशित किया।

बैठक में कलेक्टर ने जल संरक्षण के लिए वाटरशेड अंतर्गत कार्यों को प्राथमिकता देने, कम जलस्तर वाले क्षेत्रों में विशेष अभियान चलाने तथा वॉटर स्ट्रेस गांवों में स्थायी जल व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने हैंडपंप मेंटेनेंस अभियान चलाने, आवश्यकतानुसार अतिरिक्त ट्यूबवेल, पावर पंप एवं सिंटेक्स टंकी की व्यवस्था करने के भी निर्देश दिए। कलेक्टर ने कहा कि 15वां वित्त आयोग की राशि का उपयोग प्राथमिकता से पेयजल समस्याओं के समाधान में किया जाए। इसके लिए सरपंच एवं सचिवों की बैठक लेकर समन्वय स्थापित करने के निर्देश दिए।

कलेक्टर ने जल जीवन मिशन के अंतर्गत भौतिक एवं वित्तीय प्रगति की विस्तृत समीक्षा की। ईई पीएचई कमल कंवर ने जानकारी दी कि जिले के 673 ग्रामों में कार्य प्रगति पर है, जिनमें से 215 गांवों में कार्य पूर्ण कर ‘हर घर जल’ प्रमाणीकरण किया जा चुका है। कलेक्टर ने गुणवत्ता परीक्षण, समूह जल प्रदाय योजना, घरेलू नल कनेक्शन एवं एफटीके रिफ्रेशर प्रशिक्षण की समीक्षा की। उन्होंने जल जीवन मिशन अंतर्गत बेहतर गुणवत्ता सुनिश्चित करने तथा खराब कार्यों पर संबंधित ठेकेदारों को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।

शत-प्रतिशत आधार पंजीयन और स्वच्छता पर जोर

बैठक में कलेक्टर ने आधार पंजीयन की प्रगति की समीक्षा करते हुए शत-प्रतिशत लक्ष्य प्राप्त करने के निर्देश दिए। साथ ही बालिका शौचालय निर्माण कार्य शीघ्र पूर्ण करने, गुणवत्ता सुनिश्चित करने तथा सूर्य घर योजना की प्रगति की समीक्षा कर आवश्यक तेजी लाने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने सभी पंचायतों को स्वच्छ एवं प्लास्टिक कचरा मुक्त बनाने के लिए ठोस कार्ययोजना तैयार करने एवं प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने प्रोत्साहित किया। बैठक में अतिरिक्त कलेक्टर निष्ठा पाण्डेय, मुंगेली एसडीएम अजय शतरंज, लोरमी एसडीएम अजीत पुजारी, पथरिया एसडीएम रेखा चंद्रा सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

Shailendra Gupta

supersamarthankichitthi.in छत्तीसगढ़ आधारित न्यूज़ पोर्टल है, जो राजनीति, शिक्षा, खेल, मनोरंजन और स्थानीय खबरों की ताज़ा व विश्वसनीय जानकारी प्रदान करता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button