बेमेतरा, 08 मार्च 2026 । महिला एवं बाल विकास विभाग के निर्देशानुसार अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर महिलाओं के प्रति सम्मान, प्रशंसा और प्रेम प्रकट करने तथा उनकी आर्थिक, सामाजिक और राजनीतिक उपलब्धियों को रेखांकित करने के उद्देश्य से एकीकृत बाल विकास परियोजना बेरला अंतर्गत कार्यक्रम का आयोजन नगर पंचायत बेरला क्षेत्र के पानी टंकी के पीछे स्थित सामुदायिक भवन में किया गया।कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में विधायक बेमेतरा दीपेश साहू उपस्थित रहे। इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष कल्पना योगेश तिवारी, जिला पंचायत उपाध्यक्ष प्रतिनिधि बलराम पटेल, भाजपा प्रदेश मंत्री संध्या परगनिहा, नगर पंचायत बेरला अध्यक्ष विशाल देशलहरा, नगर पंचायत कुसमी अध्यक्ष चंदप्रकाश साहू, नगर पंचायत उपाध्यक्ष संतोष साहू, सभापति मधु द्विवेदी, पार्षद जितेन्द्र जैन सहित परियोजना अधिकारी डॉ. विद्यानंद बोरकर, समस्त पर्यवेक्षक, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिकाएं बड़ी संख्या में उपस्थित रहीं।कार्यक्रम के दौरान महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा विभागीय प्रदर्शनी लगाकर विभिन्न योजनाओं और कार्यक्रमों का प्रचार-प्रसार किया गया। उपस्थित महिलाओं को विभाग के साथ-साथ अन्य विभागों द्वारा संचालित हितग्राहीमूलक योजनाओं एवं कार्यक्रमों की जानकारी देकर जागरूक किया गया। इस अवसर पर विधायक दीपेश साहू ने महिलाओं की शिक्षा, स्वास्थ्य, सुरक्षा और आर्थिक स्वावलंबन को बढ़ावा देने पर विशेष जोर देते हुए कहा कि महिलाओं का सशक्तिकरण एक बेहतर और समृद्ध समाज के निर्माण की आधारशिला है।कार्यक्रम में परियोजना स्तर पर महिला एवं बाल विकास विभाग तथा अन्य विभागों के समन्वय से उत्कृष्ट कार्य करने वाली आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, सहायिकाओं, स्वास्थ्य विभाग की आरएचओ तथा भाग्यलक्ष्मी महिला स्व सहायता समूह को सम्मानित किया गया।इस दौरान आंगनबाड़ी केन्द्रों एवं स्कूलों के बच्चों द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम, बालगीत एवं अन्य प्रस्तुतियां दी गईं, जिसने उपस्थित लोगों का मन मोह लिया। कार्यक्रम में प्रतिभागी बच्चों को प्रोत्साहन स्वरूप पुरस्कार भी प्रदान किए गए।परियोजना अधिकारी डॉ. विद्यानंद बोरकर ने विभाग द्वारा संचालित योजनाओं की जानकारी देते हुए घरेलू हिंसा से महिलाओं का संरक्षण, लैंगिक उत्पीड़न (निवारण, प्रतिषेध एवं प्रतितोष) अधिनियम, दहेज प्रतिषेध अधिनियम, बाल विवाह प्रतिषेध अधिनियम 2006 तथा बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ अभियान के संबंध में विस्तार से जानकारी प्रदान की | कार्यक्रम के दौरान अतिथियों द्वारा 09 गर्भवती महिलाओं की गोदभराई एवं 06 माह के शिशुओं का अन्नप्राशन संस्कार कराया गया। इस अवसर पर पर्यवेक्षक कल्पना अले ने गोदभराई और अन्नप्राशन कार्यक्रम के उद्देश्य एवं महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी।इसके साथ ही पोषण जागरूकता प्रदर्शनी के माध्यम से ठेठरी, खुरमी, अइरसा, रेडी टू ईट लड्डू, भाजी सहित स्थानीय साग-सब्जियों से बने पौष्टिक व्यंजनों का प्रदर्शन किया गया। इन व्यंजनों के माध्यम से लोगों को पोषक तत्वों, विटामिन और खनिज तत्वों के महत्व के बारे में जागरूक किया गया। कार्यक्रम में उपस्थित सभी अतिथियों एवं नागरिकों के लिए स्वल्पाहार की व्यवस्था की गई। अंत में परियोजना अधिकारी द्वारा आभार व्यक्त करते हुए कार्यक्रम का समापन किया गया। Post navigationमहिला दिवस पर बहतराई में एक दिवसीय महिला खेल प्रतियोगिता आयोजित मोहभट्टा की धनेश्वरी को मिला आजीविका का मजबूत आधार