बिलासपुर, 13 अप्रैल 2026 । जिला बिलासपुर में सार्वजनिक वितरण प्रणाली (पीडीएस) के अंतर्गत तीन माह के खाद्यान्न का भंडारण एवं वितरण कार्य सुचारू रूप से संचालित किया जा रहा है। जिले की सभी उचित मूल्य दुकानों में पर्याप्त मात्रा में राशन उपलब्ध है और हितग्राहियों को नियमित रूप से वितरण किया जा रहा है।

खाद्य नियंत्रक अमृत कुजूर ने बताया कि शासन के निर्देशानुसार अप्रैल 2026 से जून 2026 तक तीन माह के खाद्यान्न के भंडारण एवं वितरण की व्यवस्था सुनिश्चित की गई है। इसके तहत जिले की 695 शासकीय उचित मूल्य दुकानों में आवंटन के विरुद्ध 70 प्रतिशत से अधिक खाद्यान्न का भंडारण किया जा चुका है। उन्होंने बताया कि सभी उचित मूल्य दुकानों में तीन माह के खाद्यान्न के भंडारण के लिए पर्याप्त व्यवस्था उपलब्ध है और कहीं भी किसी प्रकार की समस्या नहीं है। राशन वितरण की प्रक्रिया ई-पॉस मशीन के माध्यम से की जा रही है, जिसके तहत हितग्राहियों को तीन माह का राशन प्राप्त करने के लिए फिंगर प्रिंट सत्यापन की प्रक्रिया पूरी करनी होती है। जिले में अब तक लगभग 37 प्रतिशत हितग्राहियों को तीन माह का खाद्यान्न वितरित किया जा चुका है और शेष हितग्राहियों को भी नियमानुसार वितरण कार्य जारी है। ई-पॉस मशीनों के माध्यम से वितरण कार्य में किसी प्रकार की तकनीकी बाधा नहीं आ रही है। कुजूर ने बताया कि जिले में पीडीएस के तहत खाद्यान्न वितरण पूरी तरह सुव्यवस्थित ढंग से संचालित हो रहा है और सभी हितग्राहियों को समय पर लाभ पहुंचाने के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं।

 

 

 

 

Avatar photo

By Shailendra Gupta

supersamarthankichitthi.in छत्तीसगढ़ आधारित न्यूज़ पोर्टल है, जो राजनीति, शिक्षा, खेल, मनोरंजन और स्थानीय खबरों की ताज़ा व विश्वसनीय जानकारी प्रदान करता है।