कवर्धा, 02 मई 2025। मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत कबीरधाम अजय कुमार त्रिपाठी द्वारा सुशासन तिहार एवं प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण की वर्चुअल समीक्षा की गई। इस दौरान आवेदनों का निराकरण एवं प्रधानमंत्री आवास योजना जनमन के कार्य में लापरवाही बरतने पर मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत पंडरिया एवं जनपद पंचायत बोड़ला व पंडरिया के विकासखंड समन्वयक प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण को कारण बताओ सूचना जारी करने के निर्देश दिए गए। उल्लेखनीय है कि प्रधानमंत्री जनमन योजना के अंतर्गत जिले के विशेष पिछड़ी जनजाति बैगा ग्रामीण परिवारों को आवास योजना से लाभान्वित किया जाना है। वर्चुअल बैठक के दौरान निर्माण कार्य में अपेक्षाकृत कम प्रगति होने एवं समय पर राशि जारी नहीं करने जैसे अनेक विषयों को लेकर सीईओ जिला पंचायत द्वारा नाराजगी व्यक्त की गई तथा कार्य में लापरवाही बरतने के कारण संबंधित को नोटिस जारी किया गया है।

समीक्षा बैठक में सीईओ जिला पंचायत ने सभी जनपद पंचायत को कड़े निर्देश देते हुए कहा कि सुशासन तिहार में प्राप्त आवेदनों का गुणवत्तापूर्ण निराकरण करें। आवास योजना जैसे महत्वपूर्ण कार्यक्रम में लापरवाही करने पर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी गई। बैठक के द्वारा सभी को निर्देशित करते हुए कहा गया कि वर्तमान समय में निर्माण कार्य पूरी तेज गति से गुणवत्ता के साथ पूर्ण कराया जाए। सभी निर्माणाधीन आवास को वर्षा ऋतु के पूर्व पूर्ण करने का लक्ष्य निर्धारित करते हुए कार्य करें। जिससे कि हितग्राहियों को योजना का लाभ समय पर मिल सके। वर्चुअल बैठक के दौरान सभी सीईओ जनपद पंचायत विकासखंड समन्यवक प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण कार्यक्रम अधिकारी सहित उपसंचालक पंचायत एवं अन्य अधिकारी कर्मचारी उपस्थित रहे।

Avatar photo

By Shailendra Gupta

supersamarthankichitthi.in छत्तीसगढ़ आधारित न्यूज़ पोर्टल है, जो राजनीति, शिक्षा, खेल, मनोरंजन और स्थानीय खबरों की ताज़ा व विश्वसनीय जानकारी प्रदान करता है।