मुंगेली, 16 मई 2025 । मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के सुशासन संकल्प को साकार करने की दिशा में जिले में आज ‘‘आयुष्मान महाअभियान’’ का भव्य आयोजन किया जाएगा। कलेक्टर कुन्दन कुमार के मार्गदर्शन में इस अभियान के अंतर्गत स्वास्थ्य विभाग की टीम घर-घर जाकर सुबह से शाम तक हितग्राहियों का आयुष्मान कार्ड बनाएगी। कलेक्टर ने आज जिला कलेक्टोरेट स्थित मनियारी सभाकक्ष में स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों की बैठक लेकर महाअभियान की तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जिले में कोई भी पात्र व्यक्ति आयुष्मान योजना से वंचित न रहे। अभियान के दौरान शिविरों एवं घर-घर संपर्क के माध्यम से अधिकतम लोगों तक पहुंच बनाकर शत-प्रतिशत आयुष्मान कार्ड निर्माण सुनिश्चित किया जाए।

कलेक्टर ने कहा कि जिन हितग्राहियों का नाम राशन कार्ड में नहीं जुड़ा है या जिनका आधार कार्ड अपडेट नहीं है, उनकी समस्याओं का त्वरित समाधान करते हुए कार्ड बनाए जाएं। उन्होंने बताया कि महाअभियान के दिन जिले में एक लाख प्लस आयुष्मान कार्ड बनाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इस लक्ष्य की प्राप्ति के लिए सभी संबंधित विभागों के बीच समन्वय अत्यंत आवश्यक है। कलेक्टर ने आम नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि 21 मई को आयोजित महाअभियान में अधिक से अधिक लोग भाग लें। जिनका अभी तक आयुष्मान कार्ड नहीं बना है, वे इस अवसर का लाभ उठाकर निःशुल्क स्वास्थ्य सुविधा हेतु अपना कार्ड अवश्य बनवाएं। उन्होंने सभी ग्राम पंचायतों में मुनादी, प्रचार-प्रसार तथा जनजागरूकता गतिविधियों के माध्यम से अभियान को जन-आंदोलन का रूप देने के निर्देश भी दिए। बैठक में उप संचालक एटीआर गणेश यू. आर., जिला पंचायत सीईओ प्रभाकर पांडेय, अरितक्त कलेक्टर निष्ठा पाण्डेय तिवारी, अपर कलेक्टर मेनका प्रधान, तीनों अनुविभागीय दंडाधिकारी, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी, तथा अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

आयुष्मान कार्ड से 05 लाख रूपए तक का निःशुल्क ईलाज

आयुष्मान कार्ड जिसे प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना के रूप में भी जाना जाता है। यह भारत सरकार द्वारा शुरू की गई एक स्वास्थ्य बीमा योजना है। यह पात्र व्यक्तियों और परिवारों को मुफ्त चिकित्सा उपचार प्रदान करता है। इस कार्ड के जरिये पूरे भारत के सूचीबद्ध अस्पतालों में खर्च के लिए बीपीएल परिवार द्वारा प्रतिवर्ष 05 लाख रूपए और एपीएल परिवार द्वारा 50 हजार रूपए तक का निःशुल्क ईलाज का लाभ उठाया जा सकता है। आयुष्मान कार्ड बनवाने के लिए आधार कार्ड और राशनकार्ड में नाम होना आवश्यक है। वहीं आयुष्मान वय वंदना योजना के तहत 70 वर्ष एवं उससे अधिक आयु के वरिष्ठ नागरिकों को 05 लाख रुपये तक का निःशुल्क उपचार प्रदान किया जाता है। इसके लिए सिर्फ आधार कार्ड होना आवश्यक है।

 

 

 

 

 

 

 

Avatar photo

By Shailendra Gupta

supersamarthankichitthi.in छत्तीसगढ़ आधारित न्यूज़ पोर्टल है, जो राजनीति, शिक्षा, खेल, मनोरंजन और स्थानीय खबरों की ताज़ा व विश्वसनीय जानकारी प्रदान करता है।