
बेमेतरा 22 मई 2025:- कलेक्टर रणबीर शर्मा के निर्देशन में एवं बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ योजना के अंतर्गत महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा किशोरी बालिकाओं को सुरक्षा, आत्मसम्मान एवं आत्मनिर्भरता की दिशा में सशक्त बनाने हेतु 10 दिवसीय आत्मरक्षा प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया गया है। यह प्रशिक्षण 21 मई 2025 से ग्राम लोलेसरा, सेक्टर बैजी, परियोजना खण्डसरा, जिला बेमेतरा (छत्तीसगढ़) में प्रारंभ हुआ। इस अवसर पर परियोजना अधिकारी यमुनेश पाण्डेय, जिला मिशन समन्वयक राजीव कुमार वर्मा, सेक्टर पर्यवेक्षक स्मिता सिंह, कार्यालय सहायक लवकुश साहू, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं पंचगण विशेष रूप से उपस्थित रहे।
कलेक्टर रणबीर शर्मा ने कहा कि, “बालिकाओं की सुरक्षा और सशक्तिकरण जिला प्रशासन की प्राथमिकता है। इस प्रकार के प्रशिक्षण कार्यक्रम बालिकाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम हैं।”
यह प्रशिक्षण प्रशिक्षित मास्टर ट्रेनर मानू प्रताप द्वारा प्रदान किया जा रहा है। आत्मरक्षा के गुरों के साथ-साथ बालिकाओं को मानसिक रूप से भी सशक्त बनाने की दिशा में यह प्रशिक्षण अत्यंत उपयोगी सिद्ध हो रहा है। बालिकाओं को न केवल शारीरिक आत्मरक्षा की तकनीकें सिखाई जा रही हैं, बल्कि उनके आत्मविश्वास को भी मजबूत किया जा रहा है। जिला कार्यक्रम अधिकारी चन्द्रबेश सिंह सिसोदिया के मार्गदर्शन में आयोजित इस प्रशिक्षण शिविर में बड़ी संख्या में इच्छुक किशोरी बालिकाओं ने भाग लिया। इस पहल का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्र की बालिकाओं को संभावित खतरों से निपटने हेतु सजग एवं समर्थ बनाना है। कार्यक्रम के समापन अवसर पर प्रतिभागी बालिकाओं को प्रमाण पत्र भी वितरित किए जाएंगे। आगामी दिनों में जिले के अन्य ग्रामों में भी इसी प्रकार के आत्मरक्षा प्रशिक्षण शिविर आयोजित किए जाने की योजना है, जिससे अधिक से अधिक बालिकाएं लाभान्वित हो सकें।





